रिपोर्टर: सुमित श्रीवास्तव,
गाजीपुर। जनपद पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए IS-191 गैंग सरगना मुख्तार अंसारी के मुख्य शार्प शूटर अंगद राय उर्फ झूलन की पत्नी सरिता राय के नाम पर खरीदी गई करीब 7 करोड़ रुपये की अचल संपत्ति कुर्क कर जब्त कर ली।
पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह की संस्तुति पर जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला ने धारा 14(1) यूपी गैंगस्टर एक्ट के तहत कुर्की का आदेश पारित किया था। बुधवार को कोतवाली पुलिस और राजस्व टीम ने संयुक्त रूप से मुहम्मदाबाद तहसील के मौजा गिरधरिया व मौजा हैदरिया में स्थित तीन भूखंडों को कुर्क किया।
पुलिस के अनुसार अंगद राय ने संगठित अपराध से अर्जित धन से ये संपत्तियां अपनी पत्नी के नाम पर खरीदी थीं। अंगद राय निवासी शेरपुर खुर्द, थाना भांवरकोल के खिलाफ हत्या, हत्या के प्रयास, रंगदारी, गैंगस्टर व गुण्डा एक्ट सहित कुल 25 मुकदमे दर्ज हैं।
उक्त कार्रवाई प्रभारी निरीक्षक कोतवाली दिनेश कुमार पाठक मय टीम व तहसीलदार मुहम्मदाबाद महेन्द्र बहादुर सिंह मय राजस्व टीम द्वारा की गई।

