रिपोर्टर: सुमित श्रीवास्तव,
गाजीपुर। कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला की अध्यक्षता में शुक्रवार सायं आईजीआरएस की समीक्षा बैठक हुई।
बैठक में जिलाधिकारी ने विभागवार लंबित शिकायतों की बिंदुवार समीक्षा की और निर्देश दिए कि कोई भी शिकायत डिफाल्टर नहीं होनी चाहिए। सभी शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण व समयबद्ध निस्तारण हो। मौके पर जाकर स्थलीय निरीक्षण करते हुए शिकायतों का निस्तारण कराया जाए।
उन्होंने विशेष रूप से राजस्व, पुलिस, विकास, चकबंदी और विद्युत विभाग से जुड़ी शिकायतों का स्थलीय सत्यापन कर निस्तारण कराने को कहा। विद्युत विभाग, तहसीलदार सदर, बीडीओ मोहम्मदाबाद सहित अन्य अधिकारियों के यहां सर्वाधिक असंतुष्ट फीडबैक मिलने पर डीएम ने नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि निस्तारण के बाद शिकायतकर्ता से बात कर फीडबैक जरूर लिया जाए, ताकि गुणवत्ता का पता चल सके। लापरवाही करने वाले अधिकारियों पर जिम्मेदारी तय की जाएगी।
इस दौरान बैठक में मुख्य विकास अधिकारी आलोक प्रसाद, अपर जिलाधिकारी वि/रा वेद सिंह चौहान सहित सभी जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।