रिपोर्टर: सुमित श्रीवास्तव,
गाजीपुर। प्रभारी मंत्री रवीन्द्र जायसवाल की अध्यक्षता में बुधवार को राइफल क्लब कलेक्ट्रेट सभागार में विकास कार्यों एवं कानून व्यवस्था की समीक्षा बैठक हुई।
बैठक में मंत्री ने सड़क, पेयजल, स्वास्थ्य, शिक्षा, बिजली, आवास, मनरेगा, पेंशन, राशन सहित सभी प्रमुख योजनाओं की विभागवार समीक्षा की। पीडब्ल्यूडी के एक्सईएन को जनपद की कुल सड़कों, अब तक हुई मरम्मत और 30 नवंबर तक मरम्मत होने वाली सड़कों की रिपोर्ट देने के निर्देश दिए।
हर घर नल योजना में मजदूरों की संख्या बढ़ाकर काम पूरा करने, काम कर रही कंपनी/ठेकेदार की जांच कराने और फंड के अभाव में रुके कार्यों की जानकारी देने को कहा। विद्युत विभाग को जर्जर व लटके तारों को दुरुस्त करने के निर्देश दिए।
आवास में पात्रों को पारदर्शी तरीके से लाभ देने, दस्तावेजों की कमी आवेदक को बताने, सामूहिक विवाह योजना की प्रगति जानने तथा युवाओं को रोजगार से जोड़ने के लिए कॉलेजों में कार्यशाला आयोजित करने के निर्देश दिए।
कानून व्यवस्था पर मंत्री ने अपराध नियंत्रण, महिला सुरक्षा, साइबर अपराध की रोकथाम और यातायात व्यवस्था को लेकर पुलिस को निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शांति व कानून व्यवस्था सर्वोच्च प्राथमिकता है, पुलिस नियमित गश्त व संवेदनशील स्थानों पर निगरानी रखे।
जनसुनवाई व आईजीआरएस शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण, पारदर्शी व समयबद्ध निस्तारण करने को कहा, ताकि लोगों को बार-बार कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।
जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला ने निर्देशों के अक्षरशः पालन का आश्वासन दिया। बैठक में सांसद संगीता बलवंत, जिला पंचायत अध्यक्ष सपना सिंह, नगर पालिका अध्यक्ष सरिता अग्रवाल, जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश राय, सुभासपा अध्यक्ष सुरेंद्र राजभर, सीडीओ आलोक प्रसाद, एएसपी ग्रामीण अतुल सोनकर सहित सभी जिलास्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।
