रिपोर्टर: सुमित श्रीवास्तव,
गाजीपुर। विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2027 के अंतर्गत विशेष अभियान दिवस पर जिला निर्वाचन अधिकारी/जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला ने रविवार को जनपद के विभिन्न मतदान केंद्रों एवं बूथों का आकस्मिक निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्य की प्रगति का जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
सर्वप्रथम जिलाधिकारी ने उच्च प्राथमिक विद्यालय विशेश्वरगंज, विधानसभा क्षेत्र-375 में बने मतदान बूथ का निरीक्षण किया। यहां उन्होंने निर्देश दिया कि प्रत्येक बूथ पर जनसंख्या के सापेक्ष लगभग 64 प्रतिशत मतदाता पंजीकृत होने चाहिए। 18 से 19 वर्ष की आयु पूरी कर चुके युवा मतदाताओं का फॉर्म-6 भरवाकर मतदाता सूची में नाम दर्ज कराया जाए, ताकि कोई भी पात्र युवा मतदाता बनने से वंचित न रहे।
इसके बाद जिलाधिकारी ने उच्च प्राथमिक विद्यालय अंधऊ, विधानसभा-376 में बूथ संख्या 305, 306 एवं 307, कंपोजिट प्राथमिक विद्यालय अंधऊ में बूथ संख्या 1, 2, 3, 4, होम्योपैथिक मेडिकल कॉलेज गाजीपुर में बूथ संख्या 333 से 341 तक कुल नौ बूथों, उच्च प्राथमिक विद्यालय बीकापुर, विधानसभा-375 में बूथ संख्या 178, 179 एवं 180, प्राथमिक विद्यालय चक अब्दुल वहाब, विधानसभा-376 में बूथ संख्या 326 एवं 327 तथा कुमार ग्रामीण बालिका इंटर कॉलेज गहिली बसारिकपुर, विधानसभा-376 में कुल तीन बूथों का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया कि मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्य में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। पात्र नागरिकों, विशेषकर 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके युवाओं का फॉर्म-6 भरवाकर उनका नाम मतदाता सूची में अनिवार्य रूप से शामिल कराया जाए।