रिपोर्टर: सुमित श्रीवास्तव,
गाजीपुर। राइफल क्लब सभागार में अर्जुन अवार्डी एवं ओलंपिक कांस्य पदक विजेता राजकुमार पाल का सम्मान, अभिनंदन एवं स्वागत समारोह आयोजित किया गया।
मुख्य अतिथि प्रभारी मंत्री रवीन्द्र जायसवाल, राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार), स्टाम्प तथा न्यायालय शुल्क एवं पंजीयन विभाग, उ.प्र. सरकार ने राजकुमार पाल को माल्यार्पण कर 51 हजार रुपये का डेमो चेक, अंगवस्त्र, स्मृति चिह्न एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया।
इस अवसर पर उन्होंने कहा कि राजकुमार पाल ने हॉकी में उत्कृष्ट प्रदर्शन से गाजीपुर ही नहीं, पूरे प्रदेश और देश का नाम रोशन किया है। अर्जुन अवार्ड और ओलंपिक कांस्य पदक जीतना हम सभी के लिए गर्व की बात है। सरकार खेल और खिलाड़ियों के विकास के लिए लगातार काम कर रही है।
उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे राजकुमार पाल के संघर्ष, अनुशासन और मेहनत से प्रेरणा लें। खेल के साथ शिक्षा और संस्कार भी सफलता की कुंजी हैं।
राजकुमार पाल ने कहा कि यह सम्मान उन्हें और बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित करेगा। उन्होंने बताया कि वर्ष 2008 से उन्होंने हॉकी खेलना शुरू किया और अनुशासन खिलाड़ी के लिए अत्यंत आवश्यक है।
इस अवसर पर राज्यसभा सांसद डॉ. संगीता बलवंत, जिला पंचायत अध्यक्ष प्रशासिका सपना सिंह, नगर पालिका अध्यक्ष सरिता अग्रवाल, जिलाध्यक्ष भाजपा ओम प्रकाश राय, जिलाध्यक्ष सुभासपा सुरेंद्र राजभर, जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला, पूर्व सांसद राधेमोहन सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण अतुल सोनकर, मुख्य विकास अधिकारी आलोक प्रसाद सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी, खिलाड़ी व कोच मौजूद रहे।