
गाज़ीपुर से एक दर्दनाक घटना सामने आई है, जिसने एक खुशहाल माहौल को गहरे शोक में बदल दिया। नोएडा निवासी 20 वर्षीय युवक यतिन शर्मा की गंगा नदी में डूबने से मौत हो गई। वह अपने दोस्त की बहन की शादी में शामिल होने गहमर आया था ।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, यतिन शर्मा शादी समारोह के दौरान दोस्तों के साथ गहमर के नरवा घाट पर गंगा नदी में स्नान करने गया था। इसी दौरान वह मोबाइल से सेल्फी लेने लगा। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, सेल्फी लेते-लेते वह अनजाने में गहरे पानी की ओर बढ़ गया और देखते ही देखते डूबने लगा ।
घटना स्थल पर मौजूद लोगों ने तत्काल उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी और युवक नदी में लापता हो गया। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और गोताखोरों की टीम मौके पर पहुंची और तलाश अभियान शुरू किया गया।
काफी मशक्कत के बाद गोताखोरों ने युवक का शव बरामद कर लिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच जारी है ।
इस दुखद घटना के बाद शादी का माहौल पूरी तरह बदल गया। जहां कुछ ही देर पहले खुशियों का माहौल था, वहीं अब परिवार और गांव में शोक की लहर दौड़ गई है ।
यह घटना एक बार फिर नदी किनारे सतर्कता और सेल्फी के प्रति लापरवाही के खतरों को उजागर करती है।