गाजीपुर ।
यातायात नियमों के पालन को लेकर शनिवार को बिरनो टोल प्लाजा पर सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाया गया। अभियान में विभिन्न श्रेणियों के कुल 134 वाहनों का चालान करते हुए लगभग 3.15 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया।
अपर पुलिस महानिदेशक, यातायात एवं सड़क सुरक्षा, उत्तर प्रदेश के निर्देशन तथा पुलिस अधीक्षक गाजीपुर डॉ. ईरज राजा के पर्यवेक्षण में चलाए गए इस अभियान का नेतृत्व अपर पुलिस अधीक्षक नगर राकेश कुमार मिश्र, एआरटीओ गाजीपुर, क्षेत्राधिकारी यातायात, यातायात निरीक्षक बालेंद्र कुमार एवं थानाध्यक्ष बिरनो ने किया। अभियान के लिए कुल आठ टीमों का गठन किया गया था ।
इस जांच के दौरान प्रेशर हॉर्न का प्रयोग करने वाले 11 वाहनों का चालान किया गया, जबकि मानक के अनुरूप एचएसआरपी (HSRP) नंबर प्लेट नहीं मिलने पर पांच वाहनों के विरुद्ध कार्रवाई की गई। इसके अलावा ड्रंकन ड्राइविंग, मॉडिफाइड साइलेंसर तथा अन्य यातायात नियमों के उल्लंघन पर भी कार्रवाई की गई ।
इस बाबत पुलिस अधिकारियों ने बताया कि सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के पालन को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से इस प्रकार के अभियान आगे भी लगातार चलाए जाएंगे। वाहन चालकों से नियमों का पालन करने और सुरक्षित वाहन चलाने की अपील की गई ।