गाजीपुर, 19 जुलाई ।
जनपद गाजीपुर की थाना गहमर पुलिस ने गोवंश तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन गोवंशों को मुक्त कराया तथा एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक टाटा एस गोल्ड मैजिक वाहन, एक अवैध चापड़, नकदी और मोबाइल फोन भी बरामद किया है ।
पुलिस के अनुसार, अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत 18 जुलाई को उपनिरीक्षक कौशलेश शर्मा अपनी टीम के साथ कनाल नहर पुलिया के पास वाहन चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि टाटा एस गोल्ड मैजिक (वाहन संख्या UP61BT9053) में गोवंशों को कथित रूप से क्रूरतापूर्वक बांधकर वध के उद्देश्य से बिहार ले जाया जा रहा है ।
सूचना मिलते ही पुलिस ने तत्काल घेराबंदी कर वाहन को रोक लिया। मौके से चालक अरमान पुत्र अलाउद्दीन, निवासी ग्राम जलालाबाद मोड़, थाना दुल्लहपुर, जनपद गाजीपुर (उम्र लगभग 27 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि उसका एक साथी अंधेरे का लाभ उठाकर फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है ।
वाहन की तलाशी के दौरान एक जर्सी गाय एवं दो देशी बछियों सहित कुल तीन गोवंश, एक टाटा एस गोल्ड मैजिक, एक अवैध लोहे का चापड़, ₹550 नकद तथा एक टेक्नो स्पार्क मोबाइल फोन बरामद किया गया ।
इस संबंध में थाना गहमर में मु0अ0सं0 137/2026 के तहत उत्तर प्रदेश गोवध निवारण अधिनियम की धारा 3/5A/5B/8 तथा आयुध अधिनियम की धारा 4/25 में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी के विरुद्ध विधिक कार्रवाई की जा रही है, जबकि फरार आरोपी की गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।
इस कार्रवाई को उपनिरीक्षक कौशलेश शर्मा एवं थाना गहमर पुलिस टीम ने अंजाम दिया।