गाजीपुर, 19 जुलाई ।
जनपद गाजीपुर की थाना मरदह पुलिस ने अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए पुलिस मुठभेड़ में एक कथित शातिर गौ तस्कर को घायल अवस्था में गिरफ्तार किया। पुलिस ने उसके कब्जे से गोवंशों से लदा एक ट्रक, अवैध तमंचा और कारतूस बरामद किए हैं ।
पुलिस के अनुसार, 19 जुलाई की रात प्रभारी निरीक्षक पवन कुमार उपाध्याय अपनी टीम के साथ चौकी मटेहूँ क्षेत्र में गश्त पर थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि एक ट्रक में गोवंश लादकर ले जाया जा रहा है। सूचना पर पुलिस ने घेराबंदी कर ट्रक को रोकने का प्रयास किया, लेकिन चालक ट्रक को लालापुरवा नहर रोड पर छोड़कर अंधेरे का लाभ उठाते हुए फरार हो गया ।
ट्रक की तलाशी लेने पर उसमें 30 गोवंश मिले, जिनमें 17 जीवित और 13 मृत पाए गए। इसके बाद पुलिस टीम ने फरार आरोपी की तलाश शुरू की। रायपुर-बाघपुर क्षेत्र में पुलिस का सामना आरोपी से हुआ। पुलिस का आरोप है कि आरोपी ने खुद को घिरा देख पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग की। जवाबी कार्रवाई में पुलिस द्वारा आत्मरक्षार्थ की गई संतुलित फायरिंग में आरोपी के बाएं पैर में गोली लगी, जिससे वह घायल हो गया ।
घायल आरोपी की पहचान जावेद आलम पुत्र नियाज अहमद, निवासी ग्राम पारा, थाना सरायमीर, जनपद आजमगढ़ (उम्र लगभग 30 वर्ष) के रूप में हुई। पुलिस ने घायल आरोपी को तत्काल मानवीय आधार पर उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मरदह भेजा ।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से टाटा कंपनी का ट्रक (संख्या UP62T6375), 30 गोवंश (17 जीवित, 13 मृत), एक देशी तमंचा (.315 बोर) तथा एक खोखा कारतूस (.315 बोर) बरामद किया ।
इस मामले में थाना मरदह पर मु0अ0सं0 0218/2026 के तहत धारा 109(1) भारतीय न्याय संहिता (BNS), 3/25 आर्म्स एक्ट तथा 3/5A/8/5B उत्तर प्रदेश गोवध निवारण अधिनियम के अंतर्गत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी के विरुद्ध अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
आपराधिक इतिहास —
पुलिस के अनुसार आरोपी जावेद आलम के विरुद्ध गोरखपुर, जौनपुर और गाजीपुर जनपदों में गोवध निवारण अधिनियम, पशु क्रूरता अधिनियम तथा गैंगस्टर एक्ट सहित कई मुकदमे पहले से दर्ज हैं।
यह पूरी कार्रवाई प्रभारी निरीक्षक पवन कुमार उपाध्याय के नेतृत्व में थाना मरदह पुलिस टीम द्वारा की गई ।