PET परीक्षा शांतिपूर्ण संपन्न, कुल 19 केंद्रों पर हुई PET परीक्षा, 68% अभ्यर्थी रहे उपस्थित

(*रिपोर्टर- सुमित श्रीवास्तव*)
PET परीक्षा : गाजीपुर में जिलाधिकारी व पुलिस कप्तान ने किया परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण
गाजीपुर। जनपद में रविवार को आयोजित प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (PET) को सकुशल, निष्पक्ष और नकलविहीन संपन्न कराने के लिए प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहा। परीक्षा के दौरान जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला और पुलिस कप्तान विनय कुमार सिंह ने विभिन्न परीक्षा केंद्रों का औचक निरीक्षण किया।
जिलाधिकारी व पुलिस कप्तान सनबीम स्कूल, महाराजगंज और एवरग्रीन स्कूल पहुंचकर परीक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने कंट्रोल रूम में लगे सीसीटीवी कैमरों से परीक्षा कक्षों की लाइव मॉनिटरिंग देखी और ड्यूटी पर तैनात कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी परीक्षा कक्षों में सीसीटीवी के माध्यम से सतत निगरानी सुनिश्चित की जाए और अभ्यर्थियों के बायोमेट्रिक सत्यापन की प्रक्रिया पूरी सावधानी और सतर्कता के साथ पूरी की जाए। उन्होंने कहा कि परीक्षा की शुचिता बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता है और किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
बताते चले कि दो पालियों में आयोजित PET परीक्षा के लिए जनपद में कुल 19 केंद्र बनाये गये थे, जहाँ कुल 68% से अधिक परीक्षाथियों की उपस्थिति दर्ज की गयी। प्रथम पाली में कुल 8352 अभ्यर्थियों में से 5693 उपस्थित रहे, जबकि 2659 अनुपस्थित रहे। उपस्थिति प्रतिशत 68.16% रहा। वहीं द्वितीय पाली में 8352 में से 5687 परीक्षार्थी उपस्थित रहे और 2665 अनुपस्थित रहे। दूसरी पाली में 68.09% उपस्थिति दर्ज की गई।
