रिपोर्टर: सुमित श्रीवास्तव,
गाजीपुर। आगामी विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 को देखते हुए निर्वाचक नामावली के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम 2026-27 को सुचारु, पारदर्शी और त्रुटिरहित तरीके से पूरा कराने के लिए शुक्रवार को जिला पंचायत सभागार में प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र 375-गाजीपुर के सभी बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) को उपजिलाधिकारी सदर / निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी ने प्रशिक्षण दिया। उन्हें बताया गया कि विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण का कार्य 17 नवंबर 2026 से 16 दिसंबर 2026 तक चलेगा। इस दौरान सभी बीएलओ अपने-अपने मतदान क्षेत्रों में घर-घर जाकर मतदाताओं का शत-प्रतिशत सत्यापन करेंगे। साथ ही उन्हें निर्देशित किया गया कि नए मतदाताओं को जोड़ना – 1 जनवरी 2027 को 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले पात्र युवाओं और किसी कारण से नामावली में नाम छूटे पात्र मतदाताओं से फार्म-6 भरवाया जाए। मृतक, स्थानांतरित और डुप्लीकेट नाम हटाना – मृतक, स्थायी रूप से अन्यत्र स्थानांतरित और डुप्लीकेट प्रविष्टियों वाले मतदाताओं का भौतिक सत्यापन कर निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार कार्रवाई की जाए।त्रुटियों में सुधार नाम, आयु, लिंग, पता आदि विवरणों में त्रुटि मिलने पर मतदाता से फार्म-8 भरवाकर संशोधन कराया जाए। वृद्ध और दिव्यांग मतदाताओं पर विशेष ध्यान वृद्धजन, दिव्यांगजन और अन्य पात्र व्यक्तियों का नाम नामावली में शामिल कराना सुनिश्चित किया जाए। सत्यापन से जुड़ी सभी सूचनाओं की समयबद्ध और शुद्ध फीडिंग बीएलओ ऐप पर की जाए और प्राप्त आवेदन पत्रों को तय समय में ऑनलाइन अपलोड करते हुए निर्वाचक नामावली को सार्वजनिक स्थानों पर पढ़कर सुनाया जाए और मतदाताओं को जागरूक करने के लिए कार्यक्रम आयोजित किए जाएं। दैनिक प्रगति से सुपरवाइजर को अवगत कराएंगे। सुपरवाइजर घर-घर सत्यापन, प्राप्त फार्मों और ऑनलाइन फीडिंग की नियमित समीक्षा करेंगे।
उपजिलाधिकारी सदर ने स्पष्ट निर्देश दिया कि पुनरीक्षण कार्य में किसी भी तरह की शिथिलता या लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। सभी बीएलओ निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए तय समय में शत-प्रतिशत सत्यापन पूरा करें।