रिपोर्टर: सुमित श्रीवास्तव,
<span;>गाजीपुर । थाना मरदह क्षेत्र के दुरकुसी गांव में आधी रात को आई बारात में खुशी मनाने के चक्कर में की गई हर्ष फायरिंग दो युवकों को भारी पड़ गई। सेना में तैनात हवलदार द्वारा लाइसेंसी बंदूक से की गई फायरिंग में गोली के छर्रे लगने से दो युवक घायल हो गए। दोनों को जिला अस्पताल मऊ में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत सामान्य बताई जा रही है। पुलिस ने आरोपी हवलदार को हिरासत में लेकर उसकी बंदूक कब्जे में ले ली है।
जानकारी के अनुसार, गुरुवार/शुक्रवार की मध्यरात्रि को थाना मरदह क्षेत्रान्तर्गत ग्राम दुरकुसी में एक बारात आई थी। बारात में जश्न के दौरान दूल्हे के भाई मनोज (उम्र 40 वर्ष) ने अपनी .12 बोर की लाइसेंसी DBBL बंदूक से हर्ष फायरिंग शुरू कर दी।
फायरिंग के दौरान अचानक गोली के छर्रे बिखर गए, जिससे वहां मौजूद दो युवक घायल हो गए। घायलों की पहचान सौरभ पुत्र दिलीप (उम्र 20 वर्ष) और टिंकू पुत्र सुब्बा राम (उम्र 18 वर्ष) के रूप में हुई है। सौरभ के कमर में जबकि टिंकू के हाथ में छर्रा लगा है।
घटना की सूचना मिलते ही मरदह पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को तत्काल उपचार हेतु जिला अस्पताल मऊ भिजवाया। पुलिस ने हर्ष फायरिंग करने वाले आरोपी मनोज को मौके से ही हिरासत में ले लिया।
मनोज भारतीय सेना में हवलदार के पद पर कार्यरत है। पुलिस ने उसके पास से लाइसेंसी DBBL बंदूक को कब्जे में ले लिया है। आरोपी के विरुद्ध सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत कर विधिक कार्यवाही की जा रही है। साथ ही उसके शस्त्र लाइसेंस को निरस्त करने की रिपोर्ट भी प्रेषित की जा रही है।
पुलिस अधीक्षक ग्रामीण अतुल कुमार सोनकर ने लोगों से अपील की है कि शादी-विवाह या किसी भी खुशी के मौके पर हर्ष फायरिंग न करें, यह जानलेवा साबित हो सकती है।