रिपोर्टर: सुमित श्रीवास्तव,
गाजीपुर। जिले के पेंशनभोगियों को अब जीवन प्रमाणपत्र के लिए कोषागार और बैंकों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। वे घर बैठे स्मार्टफोन से डिजिटल जीवन प्रमाणपत्र जमा कर सकेंगे।
इसके लिए 01 से 30 नवम्बर तक डिजिटल जीवन प्रमाण-पत्र अभियान 5.0 चलाया जा रहा है। इसी क्रम में वरिष्ठ कोषाधिकारी मंगलेश सिंह पालीवाल की अध्यक्षता में पेंशनर संघ के पदाधिकारियों के साथ बैठक हुई। बैठक में वरिष्ठ कोषाधिकारी ने बताया कि पेंशनरों की सहायता के लिए कोषागार कार्यालय में एक महीने तक निःशुल्क शिविर लगाया गया है। यहाँ बुजुर्गों को प्रमाणपत्र बनवाने में मदद मिलेगी।
कोषागार गाजीपुर में करीब 25 हजार पेंशनभोगी हैं। इसके अलावा केंद्र सरकार व ईपीएफओ के भी हजारों पेंशनर हैं। सभी को साल में एक बार जीवित होने का प्रमाण देना अनिवार्य है, ताकि पेंशन निर्बाध जारी रहे।
पेंशनर्स बैंक, डाकघर व जनसेवा केन्द्र से भी प्रमाण-पत्र जमा कर सकते हैं। स्वयं स्मार्टफोन से बनाने के लिए प्ले स्टोर से आधार फेस आईडी व जीवन प्रमाण ऐप डाउनलोड करें। ऐप में आधार व मोबाइल नम्बर से ओटीपी सत्यापन के बाद नाम, पीपीओ नम्बर, बैंक खाता व सैंक्शनिंग अथॉरिटी का विवरण भरें।
इसके बाद फ्रंट कैमरे से निर्देशानुसार पलकें झपकाएं। स्कैन पूरा होते ही सक्सेसफुल का मैसेज आएगा और मोबाइल पर प्रमाण-पत्र आईडी का एसएमएस प्राप्त होगा, जिसे पोर्टल से डाउनलोड किया जा सकता है।