रिपोर्टर: सुमित श्रीवास्तव,
<span;>गाजीपुर। मेरा युवा भारत के तत्वावधान में बुधवार को सत्यदेव डिग्री कॉलेज में विकसित भारत युवा संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य विषय ‘नो योर वोट (Know Your Vote)’ रखा गया था।
कार्यक्रम में 100 से अधिक युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम की शुरुआत में जिला युवा अधिकारी रवि कुमार मिश्रा ने MY Bharat द्वारा चलाए जा रहे युवा सहभागिता, नेतृत्व विकास, यंग लीडर्स डायलॉग और युवा संसद जैसे कार्यक्रमों के बारे में विस्तार से बताया और युवाओं से सक्रिय भागीदारी का आह्वान किया।
कार्यक्रम के मुख्य वक्ता यूथ आइकॉन सृजन चतुर्वेदी ने युवाओं को मतदाता जागरूकता के प्रति प्रेरित किया। उन्होंने विशेष गहन पुनरीक्षण (Special Intensive Revision – SIR) की आवश्यकता और उसकी पूरी प्रक्रिया को सरल भाषा में समझाया। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची को शुद्ध और त्रुटिरहित बनाना लोकतंत्र की बुनियाद है।
उन्होंने युवाओं को बताया कि कैसे मतदाता सूची में नाम जुड़वाना है, नाम-विवरण में सुधार कैसे करना है और इसके लिए कौन से फॉर्म भरे जाते हैं। उन्होंने कहा – “मतदान केवल अधिकार नहीं, बल्कि नागरिक जिम्मेदारी भी है। हर पात्र युवा अपना नाम मतदाता सूची में जरूर सुनिश्चित करे।” इस दौरान सत्यदेव कॉलेज के प्राचार्य डॉ. सुनील कुमार ने सभी युवाओं को लोकतांत्रिक शपथ दिलाई और अनिवार्य रूप से मतदान करने की अपील की। वक्ता दिग्विजय उपाध्याय ने युवाओं से राष्ट्र निर्माण में सकारात्मक भूमिका निभाने को कहा। कार्यक्रम का संचालन सुभाष चंद्र प्रसाद ने किया। अंत में कार्यक्रम समापन राष्ट्रगान के साथ किया गया।