रिपोर्टर: सुमित श्रीवास्तव
<span;>गाजीपुर। नोनहरा थाना क्षेत्र में पुलिस को मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ बड़ी सफलता मिली है। थाना नोनहरा और ANTF गाजीपुर की संयुक्त टीम ने ग्रीनफील्ड एक्सप्रेस-वे के एकडगवां सुसुण्डी अंडरपास के पास से एक सक्रिय हेरोइन तस्कर को गिरफ्तार किया है।
पुलिस अधीक्षक के निर्देशन पर चलाए जा रहे अभियान के तहत की गई इस कार्रवाई में पकड़े गए तस्कर की पहचान कृष्णा कुमार दूबे (26 वर्ष) पुत्र विपिन दुबे, निवासी आबकारी गली, वार्ड नंबर 33, कस्बा डुमरांव, थाना डुमरांव, जनपद बक्सर (बिहार) के रूप में हुई है।
पुलिस ने उसके कब्जे से 459 ग्राम अवैध हेरोइन, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लगभग 90 लाख रुपये आंकी गई है, बरामद की है। इसके अलावा जामा तलाशी में एक iPhone, एक पर्स, दो HDFC बैंक के कार्ड, एक अन्य कार्ड, 350 रुपये नकद और तस्करी में प्रयुक्त एक मारुति सुजुकी ऑल्टो कार भी बरामद हुई है।
पुलिस द्वारा की गई प्रारंभिक पूछताछ में अभियुक्त ने बताया कि उसे यह हेरोइन बलिया जनपद के थाना नरही क्षेत्र के कथरिया निवासी यशवन्त ने दी थी। उसे निर्देश दिया गया था कि वह नोनहरा क्षेत्र में ग्रीनफील्ड एक्सप्रेस-वे पर मिलने वाले एक व्यक्ति को व्हाट्सएप कॉल के बाद हेरोइन देकर पैसा ले आए, जिसे बाद में आपस में बांटना था।
इस संबंध में थाना नोनहरा पर मु0अ0सं0 337/2026 धारा 8/21/29/60 NDPS Act के तहत मुकदमा पंजीकृत कर विधिक कार्यवाही की जा रही है। पुलिस को पूछताछ में कई महत्वपूर्ण जानकारियां मिली हैं, जिसके आधार पर फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंकेज पर काम करते हुए अन्य सहयोगियों की तलाश की जा रही है। गिरफ्तारी करने वाली टीम में थानाध्यक्ष नोनहरा विवेक कुमार तिवारी और ANTF प्रभारी सुरेन्द्र नाथ सिंह अपनी टीम के साथ शामिल रहे।