1 नवंबर को लगेगा मेगा विधिक सहायता एवं सेवा शिविर, तैयारियों को लेकर हुई बैठक

(*रिपोर्टर- सुमित श्रीवास्तव*)
गाजीपुर। राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, उत्तर प्रदेश के निर्देश पर जनपद न्यायालय गाजीपुर में 1 नवंबर 2026 को मेगा/वृहद विधिक सहायता एवं सेवा शिविर का आयोजन किया जाएगा।
इसको लेकर बुधवार को अपराह्न 1:30 बजे जनपद न्यायालय के दशकक्षीय सभागार में एक आवश्यक बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश कक्ष संख्या-01 / नोडल अधिकारी शक्ति सिंह-I ने की।
बैठक में सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण बलराम दास ने बताया कि मेगा शिविर में जनपद के समस्त सरकारी विभागों द्वारा न्यायालय परिसर में कैम्प लगाए जाएंगे। कैम्प में सभी विभागों के जिम्मेदार अधिकारी मौजूद रहेंगे और शासन द्वारा संचालित सभी कल्याणकारी योजनाओं का लाभ आमजन तक पहुंचाया जाएगा।
उन्होंने कहा कि शिविर का मुख्य उद्देश्य महिलाओं, गरीब, निर्बल वर्ग, अनुसूचित जाति/जनजाति और दिव्यांगजनों के कल्याण के लिए चलाई जा रही योजनाओं से लोगों को लाभान्वित करना है। उन्होंने जनपदवासियों से अपील की है कि अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर इस मेगा शिविर का लाभ उठाएं।
आगे उन्होंने बताया कि शिविर से संबंधित किसी भी प्रकार की असुविधा या जानकारी के लिए जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, गाजीपुर के कार्यालय से संपर्क किया जा सकता है।