दीपावली से पहले खाद्य विभाग का बड़ा अभियान, मिठाई से लेकर मसाले तक 12 नमूने सीज

(*रिपोर्टर- सुमित श्रीवास्तव*)
गाजीपुर। दीपावली पर्व पर मिलावटी खाद्य पदार्थों की बिक्री रोकने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग ने जिले में विशेष चेकिंग अभियान तेज कर दिया है। विभाग की टीम ने बीते दो दिन में कासिमाबाद से लेकर भावरकोल तक छापेमारी कर कुल 12 खाद्य पदार्थों के नमूने संग्रहित किए हैं।
सूचना विभाग द्वारा जारी विज्ञप्ति के अनुसार 21 अक्टूबर को टीम ने कासिमाबाद चौराहा स्थित चौरसिया मिष्ठान भण्डार से बर्फी, दिलदारनगर के शमा चिकन बिरियानी और शाहिद बिरियानी से हैदराबादी बिरियानी तथा सना ट्रेडर्स से धनिया पाउडर का नमूना लिया।
वहीं 22 अक्टूबर को मुहम्मदाबाद, बंशीबाजार, भावरकोल और सकलेनाबाद क्षेत्र में कार्रवाई की गई। इस दौरान माँ स्वीट हाउस से बर्फी, तीन अलग-अलग प्रतिष्ठानों से पनीर, बेचन गुप्ता की दुकान से खोया, मुरली गुप्ता की दुकान से बेसन, सम्पत गुप्ता की दुकान से जयश्री ब्राण्ड सरसों तेल और बंगाली मिष्ठान भण्डार से पेड़ा का नमूना संग्रहित किया गया।
विभागीय अधिकारियों ने बताया कि सभी 12 नमूनों को जांच के लिए खाद्य विश्लेषक प्रयोगशाला, उत्तर प्रदेश भेजा जा रहा है। जांच रिपोर्ट आने के बाद खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम-2006 के तहत दोषी विक्रेताओं के विरुद्ध कड़ी विधिक कार्यवाही की जाएगी।
