
गाजीपुर ।
गाजीपुर में प्राकृतिक आपदा से प्रभावित किसानों के लिए राहत की बड़ी खबर सामने आई है। फरवरी माह में आए मोथा चक्रवात के कारण जनपद के अनेक किसानों की फसल को भारी नुकसान हुआ था। हालांकि, जिन किसानों ने प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के अंतर्गत बीमा कराया था, उन्हें अब क्षतिपूर्ति का लाभ मिलना शुरू हो गया है ।
इसी क्रम में विकास भवन सभागार में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान 6325 किसानों को कुल 3 करोड़ 87 लाख 13 हजार 831 रुपये की क्षतिपूर्ति राशि उनके बैंक खातों में स्थानांतरित की गई। यह कार्यक्रम पुनर्गठित मौसम आधारित फसल बीमा योजना के तहत खरीफ 2025 और रबी 2025-26 सीजन की क्षति पूर्ति वितरण के लिए आयोजित किया गया ।
इस कार्यक्रम की अध्यक्षता सरिता अग्रवाल ने की, जबकि इस अवसर पर राजन सिंह भी मौजूद रहे। इससे पूर्व किसानों को 25 प्रतिशत अंतरिम भुगतान के रूप में 3 करोड़ 12 लाख 95 हजार 240 रुपये की राशि दी जा चुकी थी। शेष 74 लाख 40 हजार 810 रुपये की धनराशि ग्राम पंचायत स्तर पर क्रॉप कटिंग के परिणामों के आधार पर अब वितरित की गई। इस कार्यक्रम के दौरान चयनित किसानों को प्रतीकात्मक रूप से डमी चेक प्रदान कर सम्मानित भी किया गया। इस अवसर पर बोलते हुए सरिता अग्रवाल ने कहा कि नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार केवल घोषणाएं ही नहीं करती, बल्कि उन्हें धरातल पर लागू भी करती है। उन्होंने कहा कि फसल बीमा योजना के माध्यम से किसानों को उनके नुकसान की भरपाई कर वास्तविक राहत पहुंचाई जा रही है ।
इस पहल से जिले के हजारों किसानों को आर्थिक संबल मिला है और भविष्य में भी ऐसी योजनाओं के प्रति उनका विश्वास मजबूत होने की उम्मीद जताई जा रही है ।