
गाजीपुर ।
गाजीपुर से इस समय की बड़ी खबर सामने आ रही है, जहां पुलिस ने संगठित अपराध के खिलाफ एक व्यापक और सुनियोजित अभियान चलाते हुए “ऑपरेशन वज्र” को अंजाम दिया है । इस कार्रवाई को जिले में अपराध नियंत्रण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है ।
इस मामले में पुलिस अधीक्षक डॉ. इरज राजा ने जानकारी देते हुए बताया कि गोपनीय सूचनाओं के आधार पर बीती देर रात यह विशेष अभियान शुरू किया गया। यह ऑपरेशन कुख्यात अपराधी मुख्तार अंसारी के गैंग के सक्रिय सदस्यों और सहयोगियों के खिलाफ केंद्रित था ।
इस दौरान जनपद के विभिन्न थाना क्षेत्रों में पुलिस की कुल 12 टीमों ने एक साथ छापेमारी की। अभियान के तहत 61 चिन्हित व्यक्तियों के खिलाफ कार्रवाई की गई। पुलिस ने न केवल उनके हथियारों और लाइसेंसों को निलंबित किया, बल्कि उनका भौतिक सत्यापन भी सुनिश्चित किया, ताकि किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि पर रोक लगाई जा सके।
एसपी ने यह भी स्पष्ट किया कि यद्यपि मुख्तार अंसारी की मृत्यु हो चुकी है, लेकिन उसके गिरोह के सक्रिय होने की सूचनाएं लगातार प्राप्त हो रही हैं। इसी संदर्भ में उसकी फरार पत्नी अफ़्शा अंसारी के संबंध में भी परिवारजनों से पूछताछ की गई है।
इस बाबत पुलिस प्रशासन का कहना है कि “ऑपरेशन वज्र” जैसे अभियान आगे भी जारी रहेंगे और संगठित अपराध के खिलाफ सख्त कार्रवाई में कोई ढिलाई नहीं बरती जाएगी। इस कार्रवाई से जिले में कानून-व्यवस्था को मजबूत करने और अपराधियों में भय का माहौल पैदा करने की दिशा में महत्वपूर्ण सफलता मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।