
गाजीपुर ।
करंडा थाना क्षेत्र के एक प्राथमिक विद्यालय परिसर में शुक्रवार सुबह एक अजीबोगरीब और चौंकाने वाली घटना सामने आई, जिसने उपस्थित लोगों को हैरान कर दिया। एक सर्प के जबड़े में वगुला (बगुला) की चोंच फंस जाने से वह बुरी तरह छटपटा रहा था और असहाय स्थिति में जमीन पर पड़ा था ।
सुबह करीब आठ बजे स्कूल परिसर में बच्चों और स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई। इसी दौरान गांव निवासी और मेडिकल स्टोर संचालक डॉ. सेराज खान मौके पर पहुंचे। स्थिति की गंभीरता को समझते हुए उन्होंने बिना देर किए साहस और तत्परता का परिचय दिया।
डॉ. सेराज अपने मेडिकल स्टोर से आवश्यक उपकरण लेकर आए और बड़ी सावधानी के साथ सर्प के जबड़े में फंसी वगुला की चोंच को निकालने का प्रयास किया। कुछ समय की मशक्कत के बाद वे सर्प को इस संकट से मुक्त कराने में सफल रहे। लंबे संघर्ष के कारण सर्प बेहद कमजोर और सुस्त हो चुका था, जिसे उन्होंने पानी पिलाकर संभाला।
इसके बाद सर्प को सुरक्षित रूप से पास के झाड़-झंखाड़ में छोड़ दिया गया। इस मानवीय पहल के बाद क्षेत्र में डॉ. सेराज खान के साहस, संवेदनशीलता और जीवों के प्रति करुणा की व्यापक सराहना हो रही है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते मदद नहीं मिलती, तो सर्प की जान जा सकती थी। यह घटना न केवल एक अनोखा दृश्य प्रस्तुत करती है, बल्कि मानवता और जीव-प्रेम का प्रेरणादायक उदाहरण भी पेश करती है।