
गाजीपुर ।
उत्तर प्रदेश सरकार के मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने सोमवार को गाजीपुर के शेखपुर गांव में आयोजित वृक्षारोपण महायज्ञ कार्यक्रम में भाग लेने के दौरान समाजवादी पार्टी (सपा) और कांग्रेस पर तीखा राजनीतिक हमला बोला। कार्यक्रम के बाद मीडिया से बातचीत में उन्होंने कई समसामयिक राजनीतिक मुद्दों पर अपनी प्रतिक्रिया दी ।
राजभर ने सपा प्रमुख अखिलेश यादव के ‘पीडीए’ (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) नारे पर निशाना साधते हुए कहा कि “असली पीडीए तो एनडीए गठबंधन में है।” उन्होंने सपा के पीडीए की अपनी व्याख्या करते हुए कहा कि इसका मतलब “पीट देगा अहीर, पीट देगा अल्पसंख्यक” है ।
राममंदिर में चढ़ावा चोरी के मामले पर पूछे गए सवाल के जवाब में राजभर ने कहा कि कांग्रेस को इस बात से संतोष होना चाहिए कि उसके शासनकाल में मंदिर का ताला खुला था, जबकि एनडीए सरकार में मंदिर का निर्माण हुआ। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेताओं को मंदिर जाकर दर्शन-पूजन करना चाहिए और इस विवाद में नहीं पड़ना चाहिए ।
सपा सरकार के कार्यकाल पर टिप्पणी करते हुए राजभर ने आरोप लगाया कि उस समय मस्जिदों और कब्रिस्तानों पर अधिक धन खर्च किया जाता था। वहीं, अखिलेश यादव के साथ अपने राजनीतिक संबंधों का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा, “अखिलेश जी ने हमें तलाक दिया, हमने कबूल किया। सुबह उनकी फोटो दिखती है तो गुस्सा आएगा न। “
राजभर ने यह भी आरोप लगाया कि अखिलेश यादव से मिलने, हाथ मिलाने और फोटो खिंचवाने के लिए पैसे देने पड़ते हैं। उन्होंने दावा किया कि यह जानकारी उन्हें सपा के कुछ कार्यकर्ताओं ने दी है ।
मंत्री ओमप्रकाश राजभर गाजीपुर के शेखपुर गांव में आयोजित वृक्षारोपण महायज्ञ कार्यक्रम में पौधरोपण करने पहुंचे थे। कार्यक्रम के दौरान उन्होंने पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया ।
(