रिपोर्टर: सुमित श्रीवास्तव,
गाज़ीपुर। अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) वेद सिंह चौहान ने प्रेसवार्ता कर जनपद वासियों को जनगणना की पूरी प्रक्रिया के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि जनपद में जनगणना का कार्य दो चरणों में पूरा कराया जाएगा।
पहला चरण : स्वगणना – 16 से 30 नवम्बर तक अपर जिलाधिकारी ने बताया कि दिनांक 16 नवम्बर से 30 नवम्बर तक जनपदवासी स्वयं ऑनलाइन माध्यम से अपनी स्वगणना कर सकते हैं। इसके लिए जनगणना की साइट पर जाकर फॉर्म भरना होगा। फॉर्म में कुल 40 प्रश्न पूछे जाएंगे। फॉर्म भरने के बाद एक आईडी प्राप्त होगी, जिसे सुरक्षित रखना होगा।
दूसरा चरण : प्रगणक का दौरा – 01 दिसम्बर से 05 जनवरी तक 01 दिसम्बर से 05 जनवरी तक प्रगणक घर-घर जाकर जनगणना का कार्य करेंगे। जिन परिवारों ने स्वगणना कर ली है, वे प्रगणक को अपनी आईडी बता देंगे। इससे उनकी पहले भरी गई जानकारी खुल जाएगी, जिसे प्रगणक सत्यापित कर सबमिट कर देंगे।
अपर जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि जनगणना में दी गई जानकारी पूर्ण रूप से गोपनीय रखी जाएगी। इसका उपयोग किसी भी प्रकार के साक्ष्य के रूप में नहीं किया जाएगा। जनगणना के दौरान किसी भी प्रकार के दस्तावेज की छायाप्रति नहीं मांगी जाएगी तथा दी गई जानकारी के संबंध में कोई औचित्य भी नहीं पूछा जाएगा। आधार नंबर बताने पर उसे ही अंकित कर लिया जाएगा।
अंत में उन्होंने जनपद के समस्त नागरिकों से अपील की कि वे निर्भय होकर सही-सही जानकारी दें तथा जनगणना कार्य में सहयोग प्रदान करें।