रिपोर्टर: सुमित श्रीवास्तव
<span;>गाजीपुर। साहित्य चेतना समाज का 41वाँ स्थापना दिवस नगर स्थित एक मैरेज हाल में समारोहपूर्वक मनाया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि राजकीय होमियोपैथिक मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. राजेन्द्र सिंह राजपूत एवं विशिष्ट अतिथि डाक अधीक्षक मासूम रजा राशदी रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ आयोजित संगीत संध्या में माँ सरस्वती की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन एवं पुष्पार्चन से हुआ।
संस्था के संस्थापक अमरनाथ तिवारी ‘अमर’ ने संस्था के उद्देश्य एवं गतिविधियों पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए कहा कि संस्था बिना किसी शासकीय वित्तीय सहायता के जन सहयोग से विगत चार दशकों से गाजीपुर सहित पड़ोसी जनपदों में विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से साहित्यिक-सांस्कृतिक जागरण का विनम्र प्रयास कर रही है।
समारोह में निर्गुण सम्राट के नाम से ख्यात लोकगायक मदन राय को संस्था द्वारा दिए जाने वाले प्रतिष्ठित ‘चेतना सम्मान’ से सम्मानित किया गया। सम्मान के पश्चात मदन राय ने भजन, गजल, निर्गुण एवं पारम्परिक गीतों की प्रस्तुति से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया और अपने सुर, लय एवं ताल पर झूमने के लिए बाध्य कर दिया।
संगीत संध्या में माया नायर, कु. आर्या राय, कु. खुशी चौधरी, कु. यशस्विनी पाण्डेय, राजेश राय निराला, रामअलम सिंह, राजू यादव, प्रभु पाण्डेय, अनिल वेदांती ने भी अपनी सुमधुर प्रस्तुतियों से श्रोताओं को रससिक्त किया, कलाकारों की प्रस्तुति पर बीच-बीच में करतल ध्वनि के रूप में श्रोताओं का स्नेह उमड़ता रहा।
कार्यक्रम में डॉ. सानन्द सिंह, दिलीप आर्य, नवीन सिंह, विपिन बिहारी राय, डॉ. रविनन्दन वर्मा, हीरा राम गुप्ता, राजीव मिश्र, शशिकांत राय, शिवम प्रकाश त्रिपाठी, विनोद उपाध्याय, ओम प्रकाश तिवारी बच्चा, राजीव गुप्ता, डॉ. अम्बिका पाण्डेय, डॉ. दिनेश सिंह, संगीता तिवारी, सीमा सिंह, रागिनी त्रिपाठी सहित बड़ी संख्या में साहित्य प्रेमी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का संचालन संस्था के संस्थापक अमरनाथ तिवारी ‘अमर’ ने किया व धन्यवाद ज्ञापन संगठन सचिव प्रभाकर त्रिपाठी ने किया।