रिपोर्टर: सुमित श्रीवास्तव,
गाजीपुर। छठ महापर्व पर घाट पर पूजा करने गए परिवारों के सूने घरों को निशाना बनाने वाले गिरोह का नंदगंज पुलिस ने महज 72 घंटे में भंडाफोड़ कर दिया। पुलिस ने तीन शातिर चोरों को गिरफ्तार कर चोरी का शत-प्रतिशत माल बरामद कर लिया है।
नंदगंज थाना क्षेत्र में छठ के दौरान तीन अलग-अलग घरों में ताला तोड़कर चोरी की वारदात हुई थी। सभी पीड़ित परिवार घर बंद कर छठ पूजा के लिए घाट पर गए थे। इसी का फायदा उठाकर चोरों ने नकदी और जेवरात पर हाथ साफ कर दिया था। पीड़ितों की तहरीर पर थाना नंदगंज में मु0अ0सं0 361/2026 धारा 305(ए)/331(4) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था।
गुरुवार, 19 नवंबर को उपनिरीक्षक हरीश चंद्र सिंह टीम के साथ चेकिंग पर थे। तभी मुखबिर से सूचना मिली कि चोरी में शामिल बदमाश कुसुम्ही कलां पोखरा के पास कूड़ाघर के समीप मौजूद हैं। पुलिस ने तत्काल घेराबंदी कर तीनों को दबोच लिया। पकड़े गए आरोपियों की पहचान धरवां गांव निवासी आशीष कुमार (20), रोहित कुमार (23) और आशीष कुमार (19) के रूप में हुई।
तलाशी के दौरान पुलिस ने आरोपियों के पास से 30 हजार रुपये नकद, पीली धातु के तीन मंगलसूत्र लॉकेट, दो जोड़ी कान के टप्स, दो जोड़ी झुमके, एक जोड़ी झाला, एक छोटा हार, दो गले की सिकड़ी, तीन अंगूठियां और सात गुरिया बरामद कीं। इसके अलावा सफेद धातु की चार जोड़ी पायल, दो मोबाइल फोन और वारदात में इस्तेमाल की गई एक मोटरसाइकिल भी मिली। बरामद जेवरात की कीमत करीब पांच लाख रुपये आंकी गई है।
जांच में पता चला कि गिरफ्तार आशीष कुमार पुत्र रविंद्र राम पहले भी चोरी के दो मुकदमों में नंदगंज थाने से जेल जा चुका है। पुलिस तीनों आरोपियों के खिलाफ आगे की विधिक कार्रवाई में जुटी है।
इस सफल कार्रवाई में थानाध्यक्ष अतुल कुमार मिश्र और उपनिरीक्षक हरीश चंद्र सिंह सहित नंदगंज थाना पुलिस टीम की अहम भूमिका रही।