रिपोर्टर: सुमित श्रीवास्तव,
गाजीपुर। आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर जिले में 8 ईडीसी (ईवीएम डिमॉन्स्ट्रेशन सेंटर) केंद्र खोले गए हैं। अपर जिलाधिकारी (वित्त राजस्व)/उप जिला निर्वाचन अधिकारी वेद सिंह चौहान ने प्रेसवार्ता में बताया कि सभी विधानसभा क्षेत्रों और जिला निर्वाचन अधिकारी कार्यालय पर ईडीसी केंद्र संचालित किए गए हैं, जहां ईवीएम रखी गई है।
उन्होंने बताया कि जनपद की सातों विधानसभाओं में सात केंद्र और जिला निर्वाचन अधिकारी कार्यालय पर एक केंद्र को मिलाकर कुल आठ केंद्र खोले गए हैं। ये केंद्र सदर, जखनियां, सैदपुर, मोहम्मदाबाद सहित सभी तहसीलों में संचालित हैं। मतदाताओं की जागरूकता व प्रशिक्षण के लिए प्रत्येक केंद्र पर दो-दो कर्मचारियों की नियुक्ति की गई है।
ईडीसी केंद्र पर मतदाताओं को बताया जाएगा कि ईवीएम से मतदान कैसे किया जाता है, मतदान के दौरान ईवीएम कैसी दिखती है, बैलेट यूनिट पर बटन दबाने के बाद वीवीपैट में पर्ची कैसे दिखती है और जिस प्रत्याशी को वोट दिया जाएगा, उसी की पर्ची कैसे पड़ती हुई दिखेगी।
उन्होंने बताया कि 21 और 22 नवंबर को मतदाता अभियान के तहत विशेष बूथ दिवस मनाया जाएगा। इन दोनों दिनों में सभी बीएलओ अपने-अपने बूथ/मतदान केंद्र पर मौजूद रहेंगे।
उन्होंने अपील की कि जिन मतदाताओं के नाम छूटे हैं, वे अधिक से अधिक संख्या में फॉर्म भरकर नाम जुड़वाएं। महिलाओं के वोट काफी छूटे हैं, जेंडर रेश्यो कम है। इसलिए छूटी हुई महिलाएं फॉर्म भरकर बीएलओ को दें। मतदाता ECI की वेबसाइट पर जाकर ऑनलाइन भी फॉर्म भरकर अपना नाम जुड़वा सकते हैं।

