रिपोर्टर: सुमित श्रीवास्तव,
गाजीपुर। आंचलिक साहित्य के शिखर पुरुष डॉ. विवेकी राय की जयंती गुरुवार को श्रद्धा और स्मृतियों के साथ मनाई गई। जोनल रेलवे ट्रेनिंग सेंटर परिसर में स्थित उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर साहित्यकारों और समाजसेवियों ने पुष्पांजलि अर्पित की।
सभा में वक्ताओं ने कहा कि डॉ. राय का साहित्य गांव, किसान, लोकसंस्कृति और ग्रामीण संवेदनाओं की सच्ची आवाज है। उन्होंने पांच दर्जन से अधिक कृतियों से हिंदी साहित्य को नई दिशा दी। यश भारती सम्मान से सम्मानित डॉ. राय को प्रेमचंद और रेणु की परंपरा का प्रमुख आंचलिक साहित्यकार माना जाता है।
19 नवंबर 1924 को बलिया के भरौली गांव में जन्मे डॉ. राय ने स्वाध्याय से एमए और पीएचडी किया। सोनवानी से शुरू हुआ उनका शिक्षकीय सफर नरही, खरडीहा होते हुए पीजी कॉलेज गाजीपुर के हिंदी विभाग तक पहुंचा।
वक्ताओं ने कहा कि शहर में रहते हुए भी उनकी आत्मा गांव में बसती थी। ग्रामीण समाज का उत्थान ही उनके लेखन का केंद्र रहा। उनके साहित्य पर कई शोधार्थियों ने पीएचडी और डी.लिट. किया है।
इस मौके पर शिवकुमार, मनीष मिश्रा, कृपा कृष्ण, विनीत दुबे, राजू उपाध्याय, चंद्रिका यादव, आरएन राय, संजीव कुमार, सुमित श्रीवास्तव, छवि पराशर, रतन कुमार, आसिफ अंसारी, रिजवान, संदीप श्रीवास्तव, राम बचन गुप्ता, शशांक, अभिषेक कुमार, पीयूष आदि मौजूद रहे। पौत्र यशवंत राय ने आभार जताया।
