रिपोर्टर: सुमित श्रीवास्तव
<span;>गाजीपुर, सैदपुर। उत्तर प्रदेश रोजगार मिशन के तहत सोमवार को विधानसभा क्षेत्र सैदपुर में वृहद रोजगार मेले का आयोजन किया गया। जिला सेवायोजन कार्यालय और मोती लाल पीजी कॉलेज, सैदपुर के संयुक्त तत्वावधान में लगे इस मेले में 1300 से अधिक युवाओं ने प्रतिभाग किया। विभिन्न कंपनियों द्वारा साक्षात्कार के बाद 523 युवाओं को मौके पर ही ऑफर लेटर दिया गया।
मेले का उद्घाटन मुख्य अतिथि ब्लाक प्रमुख बिरनो राजन सिंह ने फीता काटकर किया। इसके बाद अतिथियों ने दीप प्रज्ज्वलन और सरस्वती वंदना के साथ कार्यक्रम का औपचारिक शुभारंभ किया। इस दौरान उप जिलाधिकारी सैदपुर ज्योति चौरसिया, जिला पंचायत सदस्य अभय प्रकाश सिंह, जिला सेवायोजन अधिकारी गौरव सिंह और कॉलेज के प्रबंध निदेशक मोती लाल यादव मौजूद रहे।
कार्यक्रम में जिला सेवायोजन अधिकारी गौरव सिंह ने विभाग द्वारा संचालित योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि आगामी 05 नवंबर को विधानसभा जखनिया में भी रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा।
उप जिलाधिकारी ज्योति चौरसिया ने युवाओं को रोजगारपरक नेतृत्व क्षमता, आउटसोर्सिंग पोर्टल और विदेश में नौकरी के अवसरों के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने युवाओं को कौशल विकास पर जोर देने की सलाह दी।
मुख्य अतिथि राजन सिंह ने कहा कि देश के विकास में युवाशक्ति की सबसे बड़ी भूमिका है। विकसित भारत का सपना तभी पूरा होगा जब युवा अपनी क्षमता को पहचान कर नई शुरुआत के लिए तैयार रहेंगे। अंत में अतिथियों ने चयनित युवाओं को ऑफर लेटर वितरित कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।