लंका मैदान में विजयदशमी पर बुराई का अंत, डीएम और एसपी ने रिमोट से किया रावण दहन

(*रिपोर्टर- सुमित श्रीवास्तव*)
जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने प्रभु श्रीराम की आरती कर जनपद की सुख-समृद्धि की कामना की, हजारों की भीड़ रही मौजूद

गाजीपुर। धर्म पर धर्म और बुराई पर अच्छाई की जीत के प्रतीक पर्व विजयदशमी के अवसर पर ऐतिहासिक लंका मैदान में भव्य रावण दहन कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला और पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम की शुरुआत दोनों अधिकारियों ने मंच पर सजी प्रभु श्रीरामचंद्र जी की प्रतिमा की सविधि आरती और पूजन के साथ की। इस दौरान उन्होंने पूरे जनपद की सुख, शांति और समृद्धि की कामना की।
इस बार आयोजन में परंपरा के साथ आधुनिकता का संगम देखने को मिला। जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने रिमोट का इलेक्ट्रिक बटन दबाकर बुराई, अधर्म और असत्य के प्रतीक दशानन रावण के विशाल पुतले का दहन किया। पुतला धू-धू कर जल उठा तो पूरा लंका मैदान जय श्रीराम के नारों से गूंज उठा। इस अवसर पर डीएम और एसपी ने जनपदवासियों को विजयदशमी और दशहरा पर्व की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम स्थल पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम रहे। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी, अपर पुलिस अधीक्षक नगर, क्षेत्राधिकारी नगर, प्रभारी निरीक्षक कोतवाली, रामलीला कमेटी के अध्यक्ष विनय सिंह, महामंत्री ओम प्रकाश तिवारी सहित कमेटी के अन्य सदस्य व भारी पुलिस बल मौजूद रहा।
