पचास लाख की हेरोइन के साथ 3 तस्कर गिरफ्तार, 2 बाइक भी बरामद

(*रिपोर्टर- सुमित श्रीवास्तव*)
रामपुर मांझा पुलिस और स्वाट टीम को मिली बड़ी सफलता
गाजीपुर। जनपद में मादक पदार्थ तस्करों के खिलाफ चल रहे अभियान के तहत रामपुर मांझा पुलिस और स्वाट टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पचास लाख रुपये से अधिक कीमत की हेरोइन के साथ तीन तस्करों को गिरफ्तार किया है।
प्राप्त सूचना के अनुसार रविवार को थानाध्यक्ष रामपुर मांझा कौशलेन्द्र प्रताप सिंह और स्वाट टीम B प्रभारी शिवमणि त्रिपाठी अपनी टीम के साथ क्षेत्र में चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान मुखबिर खास से सूचना मिली कि ग्राम मुस्लिमपुर में मस्जिद के सामने हाईवे किनारे गुमटी के पास कुछ लोग अवैध मादक पदार्थ के साथ बैठे हैं।
सूचना पर तत्काल घेराबंदी कर पुलिस ने मौके से तीन अभियुक्तों को धर दबोचा। तलाशी के दौरान उनके पास से 262.16 ग्राम अवैध हेरोइन बरामद हुई, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत 50 लाख 73 हजार रुपये आंकी गई है। इसके साथ ही दो मोटरसाइकिल (UP61BQ4885 व एक बिना नंबर प्लेट) और 4 मोबाइल फोन भी बरामद किए गए हैं।
गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान अफजाल अहमद (28) निवासी देवकली, गोरखनाथ (26) निवासी बड़ेपुर थाना सैदपुर और अवनीश कुमार (25) निवासी चाड़ीपुर थाना करण्डा के रूप में हुई है।
Tइस संबंध में थाना रामपुर मांझा में मु0अ0सं0 0142/2026 धारा 8/21/29 NDPS एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर अग्रिम विधिक कार्यवाही की जा रही है।