जितिया पर गंगा ने छीनी मासूम की जान, 44 घंटे की तलाश के बाद मिला शव
जितिया स्नान के दौरान गंगा में डूबा मासूम, 44 घंटे बाद कोयला घाट पर मिला शव
*रिपोर्टर: सुमित श्रीवास्तव*
गाजीपुर। जितिया पर्व के दिन ददरी गंगा घाट पर स्नान के दौरान गंगा में डूबे पांच वर्षीय मासूम रोहन का शव 44 घंटे बाद बरामद हुआ है। सोमवार सुबह सदर कोतवाली क्षेत्र के कोयला गंगा घाट के किनारे झाड़ियों में शव उतराया मिला। शव मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।
प्राप्त सूचना के अनुसार, मिश्रवलिया निवासी रामसेवक बिंद जितिया पर्व पर अपने दो बच्चों, 5 वर्षीय रोहन और 7 वर्षीय रोहित के साथ ददरी गंगा घाट पर स्नान करने गए थे। घाट पर अत्यधिक भीड़ होने के कारण वे पास के कच्चे घाट की ओर चले गए। बच्चों को कंधे से उतारते समय संतुलन बिगड़ गया और दोनों बच्चे गहरे पानी में गिरकर तेज धारा में बहने लगे।
आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल बचाव कार्य शुरू किया। किसी तरह 7 वर्षीय रोहित को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, लेकिन रोहन का पता नहीं चल सका।
सूचना पर पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। स्थानीय गोताखोरों और बचाव दल ने करीब 44 घंटे तक गंगा में तलाश अभियान चलाया। सोमवार सुबह कोयला गंगा घाट के किनारे झाड़ियों में मासूम का शव दिखाई दिया। स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा और अन्य विधिक कार्रवाई शुरू कर दी।