
“मिशन शक्ति फेज 5.0” अभियान तेज, बाजारों व संवेदनशील इलाकों में पुलिस ने किया पैदल गश्त
*रिपोर्टर- सुमित श्रीवास्तव*
गाजीपुर, 05 अक्टूबर 2026। उत्तर प्रदेश शासन के आदेश पर महिला सशक्तिकरण हेतु चलाए जा रहे “मिशन शक्ति फेज 5.0” अभियान के तहत जनपद गाजीपुर में पुलिस प्रशासन द्वारा व्यापक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
अभियान को सार्थक बनाने के लिए जनपद के विभिन्न थाना क्षेत्रों में पुलिस बल ने मुख्य बाजारों, संवेदनशील स्थानों एवं भीड़भाड़ वाली जगहों पर पैदल गश्त की। इस दौरान पुलिसकर्मियों ने महिलाओं व बालिकाओं को उनके अधिकारों, सुरक्षा उपायों तथा हेल्पलाइन नंबरों के बारे में जानकारी देकर जागरूक किया।
वहीं, एंटी रोमियो टीम द्वारा समस्त थाना क्षेत्रों के संवेदनशील इलाकों में भ्रमण व चेकिंग अभियान चलाया गया। इस दौरान शोहदों के विरुद्ध कार्रवाई की गई और महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने हेतु सख्त निगरानी रखी गई।
पुलिस प्रशासन का कहना है कि मिशन शक्ति अभियान का उद्देश्य महिलाओं को सुरक्षित वातावरण प्रदान करना तथा उन्हें आत्मनिर्भर बनाना है। यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।