गाजीपुर ।
गाजीपुर में समाजवादी पार्टी के सांसद अफजाल अंसारी के खिलाफ शस्त्र लाइसेंस में कथित फर्जीवाड़े के आरोप में सदर कोतवाली में मुकदमा दर्ज किया गया है। इस मामले में तत्कालीन शस्त्र लिपिक असफाक अहमद और गौरी शंकर राम को भी नामजद किया गया है ।
पुलिस के अनुसार, जांच के दौरान अफजाल अंसारी के शस्त्र लाइसेंस पर निर्गत राइफल का भौतिक सत्यापन नहीं हो सका। आरोप है कि संबंधित शस्त्र पत्रावली भी गायब कर दी गई, जिसमें तत्कालीन शस्त्र लिपिकों की मिलीभगत की आशंका जताई गई है ।

यह कार्रवाई मुख्तार अंसारी, उनके परिजनों और आईएस-191 गैंग से जुड़े सदस्यों के शस्त्र लाइसेंसों की व्यापक जांच के दौरान सामने आए तथ्यों के आधार पर की गई है। पुलिस फिलहाल 51 शस्त्र लाइसेंसों और 145 असलहों के भौतिक सत्यापन एवं दस्तावेजों की जांच कर रही है।
पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद यदि अन्य अनियमितताएं सामने आती हैं, तो संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ भी विधिक कार्रवाई की जाएगी।
मुख्य बिंदु:–
• सपा सांसद अफजाल अंसारी के खिलाफ सदर कोतवाली में मुकदमा दर्ज ।
• तत्कालीन शस्त्र लिपिक असफाक अहमद और गौरी शंकर राम भी आरोपी।
• शस्त्र लाइसेंस पर दर्ज राइफल का सत्यापन नहीं हो सका।
• शस्त्र पत्रावली गायब होने और मिलीभगत का आरोप।
• 51 लाइसेंस और 145 असलहों की जांच जारी ।