रिपोर्टर: सुमित श्रीवास्तव,
गाजीपुर। जिला निर्वाचन अधिकारी/जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला ने प्रेसवार्ता में विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण अभियान के तहत तीन दिवसीय विशेष अभियान की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 को देखते हुए मतदाता सूची को शुद्ध, अद्यतन एवं त्रुटिरहित बनाने के लिए यह अभियान 17 नवंबर से चल रहा है। अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन 04 जनवरी को होगा।
जिलाधिकारी ने बताया कि 24, 25 और 26 नवंबर को चल रहे विशेष अभियान में बीएलओ घर-घर जाकर तथा मतदान केंद्रों, पंचायत भवनों और विद्यालयों में उपस्थित रहकर पात्र नागरिकों से फॉर्म-6 भरवाएंगे। जनपद में अभी भी लगभग डेढ़ से दो लाख पात्र नागरिकों का नाम मतदाता सूची में शामिल नहीं है। ऐसे नागरिक इस अभियान में अपना नाम जुड़वा सकते हैं। सूची में नाम, पता या अन्य विवरण में त्रुटि हो तो उसे भी सुधरवाया जा सकता है।
उन्होंने कहा कि 04 जनवरी को प्रकाशित होने वाली अंतिम सूची पूर्णतः शुद्ध हो और उसमें कोई डुप्लीकेट नाम न रहे, इसके लिए सभी अधिकारी फील्ड में रहकर निगरानी करेंगे। जनपद एवं तहसील स्तर पर कंट्रोल रूम भी स्थापित किए गए हैं।
जिलाधिकारी ने बताया कि जनपद में लगभग सात हजार इन्यूमरेटर कार्यरत हैं, जिनमें करीब 1800 बीएलओ का दायित्व भी निभा रहे हैं। वर्तमान इलेक्टोरल पॉपुलेशन रेशियो को बढ़ाकर लगभग 63-64 प्रतिशत तक पहुंचाने का लक्ष्य है। अंत में उन्होंने सभी पात्र नागरिकों से अपील की कि वे अपने परिवार एवं आसपास के पात्र नागरिकों का नाम मतदाता सूची में अवश्य जुड़वाएं।
