दशहरा की तैयारी तेज, DM-SP ने किया रामलीला मैदान का निरीक्षण

(*रिपोर्टर- सुमित श्रीवास्तव*)
दशहरा पर्व को लेकर प्रशासन अलर्ट, रामलीला मैदान की सुरक्षा-व्यवस्था का लिया जायजा
गाजीपुर। आगामी दशहरा पर्व को शांतिपूर्ण और सकुशल संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गया है। इसी क्रम में सोमवार को जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला और पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह ने संयुक्त रूप से रामलीला मैदान का स्थलीय निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान दोनों अधिकारियों ने रामलीला मंच, मेला स्थल, भीड़ के प्रवेश व निकास द्वार, यातायात व्यवस्था, पार्किंग स्थल, सीसीटीवी कैमरे, बैरिकेडिंग और अग्निशमन व्यवस्था का जायजा लिया।
अधिकारियों ने मौजूद अधीनस्थ अधिकारियों को निर्देश दिए कि दशहरा मेले में आने वाले श्रद्धालुओं और आमजन की सुरक्षा व सुविधा सर्वोपरि है। इसके लिए पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती, संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी और यातायात का सुचारू प्रबंधन समय से सुनिश्चित किया जाए।
इस दौरान अपर पुलिस अधीक्षक नगर राकेश मिश्रा , क्षेत्राधिकारी नगर समेत पुलिस और प्रशासन के अन्य अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।