रिपोर्टर: सुमित श्रीवास्तव,
गाजीपुर। लोक आस्था के महापर्व डाला छठ के तीसरे दिन रविवार की शाम पूरा जनपद भक्तिमय हो उठा। व्रती महिलाओं ने नदी के घाटों पर खड़े होकर डूबते सूर्य भगवान भास्कर को अर्घ्य दिया और परिवार की सुख-समृद्धि, संतान की लंबी आयु और मनोकामना पूर्ति के लिए प्रार्थना की। अर्घ्य के साथ ही घाटों पर “जय छठी मैया” के जयकारे गूंज उठे।
शाम होते ही नगर के ददरीघाट, नवापुरा घाट, कलेक्टर घाट, चितनाथ घाट सहित जिले के सभी प्रमुख घाटों पर श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ पड़ा। व्रती महिलाएं सिर पर डाला लिए, पारंपरिक छठ गीत गाते हुए घाटों पर पहुंचीं। पीले वस्त्रों में सजी व्रतियों की लंबी कतारें और घाटों पर जलते दीपों की रोशनी ने पूरे माहौल को भक्तिमय बना दिया।
घाटों पर ठेकुआ, कसार, फल, गन्ना, नारियल, केला और सूप-डाला से सजे अर्घ्य के थाल आकर्षण का केंद्र रहे। महिलाओं ने कमर तक पानी में खड़े होकर सूर्य देव को दूध और जल से अर्घ्य दिया।
इस दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आया। जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला व पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह स्टीमर पर बैठकर लगातार घाटों की निगरानी करते रहे। नदी के रास्ते ददरीघाट, नवापुरा घाट, कलेक्टर घाट, चितनाथ घाट सहित सभी प्रमुख घाटों का भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने गहरे पानी में बैरिकेडिंग, गोताखोरों व जल पुलिस की तैनाती, भीड़ प्रबंधन और प्रकाश व्यवस्था का जायजा लिया। अधिकारियों ने मौके पर मौजूद कर्मचारियों को श्रद्धालुओं की सुविधा में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए।
स्टीमर से निगरानी के दौरान DM-SP ने व्रतियों से भी बातचीत की और उन्हें सुरक्षित स्थान पर ही अर्घ्य देने की अपील की।
छठ महापर्व का समापन सोमवार सुबह उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देने के साथ होगा। इसके लिए व्रती महिलाएं पूरी रात निर्जला व्रत रखकर भोर में फिर घाटों पर पहुंचेंगी। प्रशासन ने सुबह के अर्घ्य के लिए भी सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं।


