गाजीपुर ।
दिल्ली में छात्र प्रदर्शन के दौरान हुई पुलिस कार्रवाई के विरोध में बुधवार शाम कांग्रेस कार्यकर्ताओं, स्थानीय नागरिकों तथा कुछ छात्रों के परिजनों ने सिटी रेलवे स्टेशन से कैंडल मार्च निकाला। हाथों में जलती मोमबत्तियां लेकर प्रदर्शनकारियों ने मार्च के दौरान छात्रों के समर्थन में नारे लगाए और सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया ।
वहीं इस दौरान कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि छात्र अपनी मांगों को लेकर शांतिपूर्ण ढंग से प्रदर्शन कर रहे थे, लेकिन उन पर बल प्रयोग किया गया। उन्होंने इस कार्रवाई की निंदा करते हुए केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान से नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफा देने की मांग की ।
इस प्रदर्शन में शामिल स्थानीय नागरिकों और छात्रों के परिजनों ने भी आंदोलनरत छात्रों के प्रति समर्थन व्यक्त किया। उनका कहना था कि छात्रों की आवाज को बल प्रयोग से दबाने के बजाय सरकार को उनकी मांगों पर संवेदनशीलता के साथ विचार करना चाहिए ।
प्रदर्शनकारियों ने छात्रों पर हुई कार्रवाई की निष्पक्ष जांच कराने, दोषी अधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई करने तथा छात्र हितों की रक्षा सुनिश्चित करने की मांग की। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि यदि छात्रों की समस्याओं का समाधान नहीं किया गया तो पार्टी लोकतांत्रिक तरीके से अपना आंदोलन जारी रखेगी ।