{"remix_data":[],"remix_entry_point":"challenges","source_tags":[],"origin":"unknown","total_draw_time":0,"total_draw_actions":0,"layers_used":0,"brushes_used":0,"photos_added":0,"total_editor_actions":{},"tools_used":{"border":1},"is_sticker":false,"edited_since_last_sticker_save":true,"containsFTESticker":false}
जमानियां के सब्बलपुर कलां गांव में वारदात, फोरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य; सभी पहलुओं पर जांच में जुटी पुलिस…..
गाजीपुर ।
जिले के जमानियां कोतवाली क्षेत्र के सब्बलपुर कलां गांव में शनिवार देर रात एक दिल दहला देने वाली वारदात में घर के कमरे में सो रहे 24 वर्षीय युवक की चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर हत्या कर दी गई। रविवार सुबह घटना की जानकारी होने पर परिवार में कोहराम मच गया, जबकि पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई ।
मृतक की पहचान विजय उर्फ भोला बिंद (24) के रूप में हुई है, जो पेशे से बाइक मैकेनिक था। सूचना मिलते ही जमानियां कोतवाली पुलिस, फोरेंसिक टीम और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए गए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है ।
मृतक की मां निर्मला, निवासी कसेरा पोखरा, ने बताया कि विजय चार भाइयों में मंझला था। करीब चार वर्ष पूर्व नाना की मृत्यु के बाद वह अपनी मौसी ऊषा के साथ सब्बलपुर कलां स्थित ननिहाल में रह रहा था। वह भैदपुर में बाइक मैकेनिक की दुकान चलाता था और प्रतिदिन दुकान बंद कर रात में ननिहाल लौट आता था। शनिवार रात भी वह कमरे में अकेला सोया था।
परिजनों के अनुसार, घटना से पहले कुछ अज्ञात लोग घर के बाहर आए थे और मोबाइल फोन से मकान की तस्वीरें लेकर चले गए थे। मृतक की मां ने यह भी आशंका जताई कि विजय का पड़ोसी गांव की एक युवती से प्रेम संबंध था और हत्या के पीछे यह कारण हो सकता है। हालांकि पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अभी किसी निष्कर्ष पर नहीं पहुंचा गया है और सभी संभावित पहलुओं की निष्पक्ष जांच की जा रही है ।
मृतक के मौसा शिवकरन बिंद, निवासी कालनपुर, ने बताया कि रविवार सुबह वह घर से बाहर निकले तो कमरे का दरवाजा खुला मिला। अंदर जाकर देखा तो विजय खून से लथपथ पड़ा था और उसकी मौत हो चुकी थी। उन्होंने बताया कि युवक की गर्दन के बाईं ओर चाकू फंसा हुआ था, जिससे वारदात की नृशंसता का अंदाजा लगाया जा सकता है ।
इस घटना के बाद मृतक की मां सहित पूरे परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में मातम पसरा हुआ है और लोग इस जघन्य हत्या से स्तब्ध हैं ।
इस बाबत क्षेत्राधिकारी अंकित तिवारी ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। परिजनों की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है तथा सभी बिंदुओं पर गहन जांच की जा रही है । उन्होंने बताया कि घटना के खुलासे के लिए पुलिस की विशेष टीमें गठित कर दी गई हैं और जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी का प्रयास किया जा रहा है ।