गाजीपुर, 3 अगस्त ।
शहर के लंका मैदान में 2 अगस्त से रॉयल सर्कस का भव्य शुभारंभ हो गया है। पहले ही दिन बड़ी संख्या में दर्शकों की मौजूदगी ने यह संकेत दे दिया कि शहरवासियों में सर्कस को लेकर खासा उत्साह है। देश के विभिन्न राज्यों के साथ-साथ कई विदेशी कलाकार अपने रोमांचक और हैरतअंगेज करतबों से दर्शकों का भरपूर मनोरंजन कर रहे हैं ।
रॉयल सर्कस में एरियल स्टंट, मौत का कुआं, रस्सी और साइकिल पर संतुलन के रोमांचक प्रदर्शन, जादू के आकर्षक खेल तथा जोकरों की हास्य प्रस्तुतियां प्रमुख आकर्षण हैं। विदेशी कलाकारों के विशेष प्रदर्शन दर्शकों को रोमांच और मनोरंजन का अनूठा अनुभव प्रदान कर रहे हैं ।

आयोजकों के अनुसार सर्कस का आयोजन प्रतिदिन तीन शो में किया जाएगा। पहला शो दोपहर 1 बजे, दूसरा शाम 4 बजे और तीसरा रात 7 बजे होगा। यह आयोजन लगातार लगभग एक माह तक चलेगा, जिससे शहर और आसपास के क्षेत्रों के लोग अपनी सुविधा के अनुसार सर्कस का आनंद ले सकेंगे।
इवेंट मैनेजर संतोष नायर ने बताया कि गाजीपुर की जनता को अंतरराष्ट्रीय स्तर का मनोरंजन उपलब्ध कराना उनका उद्देश्य है। उन्होंने कहा कि सुरक्षा और साफ-सफाई के सभी मानकों का विशेष ध्यान रखा गया है तथा टिकट दरें भी आम लोगों की पहुंच के अनुरूप रखी गई हैं ।
रॉयल सर्कस के प्रबंधक रूपेश कुमार सिंह ने बताया कि पहले ही दिन से एडवांस बुकिंग को अच्छा प्रतिसाद मिल रहा है। दर्शकों की सुविधा के लिए परिसर में पर्याप्त पार्किंग, स्वच्छ पेयजल, सुव्यवस्थित बैठने की व्यवस्था तथा मेडिकल टीम की तैनाती की गई है। इसके अलावा स्कूल के बच्चों के लिए समूह बुकिंग पर विशेष छूट की भी व्यवस्था की गई है ।

आयोजकों ने गाजीपुर और आसपास के लोगों से परिवार सहित लंका मैदान पहुंचकर रॉयल सर्कस के रोमांच और मनोरंजन का आनंद लेने की अपील की है। आयोजकों का दावा है कि आधुनिक सुविधाओं और विश्वस्तरीय प्रस्तुतियों से सुसज्जित यह सर्कस सभी आयु वर्ग के दर्शकों के लिए यादगार अनुभव साबित होगा ।