गाजीपुर में मतदाता सूची के विशेष पुनरीक्षण का एक दिवसीय अभियान शुरू
(*रिपोर्टर- सुमित श्रीवास्तव*)
ईपी रेशियो 61% करने का लक्ष्य, अधिकारियों को सौंपे गए 5-5 बूथ, शाम 6 बजे तक देंगे रिपोर्ट
मतदाता सूची को शुद्ध और समावेशी बनाने की कवायद, घर-घर भरे जाएंगे फॉर्म
गाजीपुर। जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी अनुपम शुक्ला के निर्देश पर जनपद में बुधवार को मतदाता सूची के विशेष पुनरीक्षण को लेकर एक दिवसीय विशेष अभियान चलाया जा रहा है।
अपर जिलाधिकारी वि०/रा० वेद सिंह चौहान ने प्रेसवार्ता में यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि अभियान के लिए जनपद, तहसील और ब्लॉक स्तर के अधिकारियों की ड्यूटी लगाई गई है। प्रत्येक अधिकारी को पांच-पांच बूथों की जिम्मेदारी दी गई है।
सभी अधिकारी सुबह 9 बजे से शाम 4 बजे तक अपने निर्धारित केंद्रों पर मौजूद रहकर मतदाता सूची का गहन निरीक्षण करेंगे। सूची में मिली कमियों को चिन्हित कर मौके पर ही निराकरण की कार्रवाई की जाएगी। सभी अधिकारियों को शाम 6 बजे तक निर्धारित प्रारूप पर अपनी रिपोर्ट प्रस्तुत करनी होगी।
आगे उन्होंने बताया कि अभियान के दौरान जो पात्र नागरिक मतदाता सूची में शामिल होने से वंचित रह गए हैं, उनके फॉर्म-06 भरवाए जाएंगे। जेंडर रेशियो को मानक के अनुरूप करने के लिए महिला मतदाताओं को जोड़ने पर विशेष फोकस रहेगा। साथ ही थर्ड जेंडर समुदाय के पात्र व्यक्तियों को भी सूची में शामिल करने के लिए विशेष प्रयास किए जा रहे हैं।
उन्होंने बताया कि वर्तमान में जनपद का ईपी रेशियो 58 प्रतिशत है, जिसे बढ़ाकर 61 प्रतिशत के लक्ष्य तक ले जाना है। प्रशासन का उद्देश्य मतदाता सूची को अधिक शुद्ध, अद्यतन और समावेशी बनाना है, ताकि कोई भी पात्र नागरिक मताधिकार से वंचित न रहे।