गाजीपुर में ग्राम प्रहरियों को मिला दीपावली गिफ्ट, मानदेय 40% बढ़ा

(*रिपोर्टर- सुमित श्रीवास्तव*)
जिलाधिकारी और एसपी की मौजूदगी में ग्राम प्रहरियों को मिली ऐतिहासिक सौगात, दीपावली से पहले ग्राम प्रहरियों का मानदेय 2500 से बढ़कर 3500 हुआ
गाजीपुर। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा आयोजित ‘ग्राम प्रहरी सम्मान समारोह’ से जनपद गाजीपुर भी आज ऑनलाइन जुड़ा। पुलिस लाइन सभागार में बड़ी एलसीडी स्क्रीन पर कार्यक्रम का सजीव प्रसारण किया गया, जिसमें जनपद के सभी थानों से आए करीब 400 ग्राम प्रहरी शामिल हुए।
कार्यक्रम में जिलाधिकारी गाजीपुर और पुलिस अधीक्षक गाजीपुर मुख्य रूप से उपस्थित रहे। मुख्यमंत्री ने प्रदेश की ग्रामीण सुरक्षा व्यवस्था की रीढ़ कहे जाने वाले ग्राम प्रहरियों के लिए दो बड़ी घोषणाएं कीं पहला जिसमें मानदेय में ऐतिहासिक बढ़ोतरी करते हुए मासिक मानदेय ₹2,500 से बढ़ाकर ₹3,500 कर दिया गया है। यह 40 प्रतिशत की वृद्धि है। दीपावली से ठीक पहले लिए गए इस फैसले से प्रदेश के 60 से 70 हजार ग्राम प्रहरियों को सालाना ₹12,000 का अतिरिक्त लाभ मिलेगा, दूसरा प्रदेश में ग्राम प्रहरी के खाली पड़े पदों को जल्द भरने और उनके सामाजिक व स्वास्थ्य कल्याण के लिए ठोस कदम उठाने के निर्देश दिए।
कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला और पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह ने सभी ग्राम प्रहरियों को बधाई देते हुए कहा कि आजादी से पहले से लेकर आज तक ग्राम प्रहरी पूरी निष्ठा से गांवों की सुरक्षा का दायित्व निभा रहे हैं।
आगामी शारदीय नवरात्र और दीपावली त्योहारों को देखते हुए पुलिस अधीक्षक ने ग्राम प्रहरियों से अपील की कि वे अपने-अपने गांवों में पूरी तरह सतर्क रहें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि, अराजक तत्व या आपराधिक घटना की सूचना तुरंत संबंधित थाने या बीट आरक्षी को दें।
कार्यक्रम के अंत में अपर पुलिस अधीक्षक नगर, सीओ सिटी और सीओ लाइन सहित प्रशासनिक व पुलिस अधिकारियों ने ग्राम प्रहरियों की समस्याएं सुनीं और त्योहारों को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण तरीके से संपन्न कराने में सहयोग की अपेक्षा की।
