आईटीआई की रिक्त सीटों पर पंचम चरण का प्रवेश शुरू

(*रिपोर्टर- सुमित श्रीवास्तव*)
गाजीपुर में आईटीआई की रिक्त सीटों पर पंचम चरण का प्रवेश शुरू, 13 से 15 अक्टूबर तक रैंक जमा करने का मौका
गाजीपुर। राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान आईटीआई के प्रधानाचार्य ने सत्र 2026 के लिए पंचम चरण प्रवेश प्रक्रिया शुरू होने की जानकारी दी है।
प्रधानाचार्य ने जानकारी देते हुए बताया कि राज्य व्यावसायिक प्रशिक्षण परिषद, उत्तर प्रदेश, लखनऊ द्वारा गाजीपुर जनपद के राजकीय / निजी आईटीआई संस्थानों में पंचम चरण की चयन सूची के बाद बची हुई रिक्त सीटों को भरने के लिए यह प्रक्रिया आयोजित की जा रही है। यह प्रक्रिया राजकीय आईटीआई गाजीपुर और राजकीय आईटीआई जहूराबाद, गाजीपुर के पूर्व पंजीकृत और नवीन आवेदक अभ्यर्थियों के लिए है।
अभ्यर्थी परिषद की आधिकारिक वेबसाइट http://www.scvtup.in पर जाकर ‘पंचम चरण के लिए रैंक’ लिंक पर क्लिक करें। इसके बाद दो विकल्प आएंगे, पूर्व पंजीकृत अभ्यर्थियों की रैंक और नवीन आवेदनकर्ता की रैंक दिखाई देंगे। अभ्यर्थी को अपनी आवेदन स्थिति के अनुसार पंजीकरण संख्या और जन्मतिथि दर्ज कर अपनी रैंक देखनी होगी और उसका प्रिंट आउट निकालना होगा।
रैंक का प्रिंट आउट अभ्यर्थियों को नोडल संस्थान, राजकीय आईटीआई गाजीपुर में दिनांक 13 अक्टूबर से 15 अक्टूबर 2026 तक जमा करना अनिवार्य होगा। जमा की गई रैंक के आधार पर ही रिक्त सीटों के सापेक्ष मेरिट सूची तैयार कर ट्रेड आवंटन की कार्यवाही की जाएगी।
समिति द्वारा अनुमोदित अंतिम आवंटन सूची 16 अक्टूबर 2026 को संस्थान में जारी की जाएगी। प्रधानाचार्य ने बताया कि जिन अभ्यर्थियों का चयन मेरिट सूची में होगा, उन्हें उसी दिन 16 अक्टूबर को अपने समस्त मूल प्रमाण-पत्र, शैक्षिक योग्यता, जाति प्रमाण-पत्र, निवास प्रमाण-पत्र की मूल प्रति एवं फोटोकॉपी, दो पासपोर्ट साइज फोटो और निर्धारित फीस के साथ संस्थान में उपस्थित होकर तत्काल प्रवेश प्रक्रिया पूर्ण करनी होगी।