गाजीपुर ।
करीमुद्दीनपुर थाना क्षेत्र के प्रह्लादपुर गांव में खेत में घास काटने गई एक किशोरी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत होने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मृतका की पहचान आंचल राजभर के रूप में हुई है। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया, जबकि बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर एकत्र हो गए ।
प्राप्त जानकारी के अनुसार , आंचल राजभर अपनी चार सहेलियों के साथ खेत में घास काटने गई थी। कुछ समय बाद उसका शव खेत में पड़ा मिला। सूचना मिलते ही परिजन और ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंच गए ।
मृतका के परिजनों ने गांव के ही एक व्यक्ति और उसके पुत्र पर मारपीट कर हत्या करने का गंभीर आरोप लगाया है। परिजनों का कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर आरोपितों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाए ।
सूचना पर पहुंची करीमुद्दीनपुर थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी। घटना को लेकर क्षेत्र में कुछ समय तक तनाव का माहौल भी बना रहा ।
इस संबंध में क्षेत्राधिकारी (सीओ) मुहम्मदाबाद सुधाकर पाण्डेय ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में किशोरी की मौत करंट लगने से होने की पुष्टि हुई है। उन्होंने कहा कि पुलिस सभी तथ्यों और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर मामले की गहन जांच कर रही है। जांच के निष्कर्षों के अनुरूप आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी ।
फिलहाल पुलिस परिजनों द्वारा लगाए गए हत्या के आरोप सहित सभी पहलुओं की जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही घटना के संबंध में अंतिम स्थिति स्पष्ट हो सकेगी ।