गाजीपुर ।
समाजवादी पार्टी (सपा) महिला मोर्चा की राष्ट्रीय अध्यक्ष सीमा राजभर ने बुधवार को गाजीपुर में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान सुभासपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं प्रदेश सरकार के मंत्री ओमप्रकाश राजभर पर तीखा राजनीतिक हमला बोला। उन्होंने ओमप्रकाश राजभर के हालिया बयानों पर प्रतिक्रिया देते हुए उन पर राजभर समाज को गुमराह करने का आरोप लगाया और कहा कि जनता अब उनके राजनीतिक तौर-तरीकों को समझ चुकी है।
सीमा राजभर ने कहा कि ओमप्रकाश राजभर केवल बयानबाजी की राजनीति करते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि मंत्री बनने के बाद भी उन्होंने राजभर समाज के हितों के लिए कोई ठोस कार्य नहीं किया। उन्होंने दावा किया कि सुभासपा के अनेक कार्यकर्ता और पदाधिकारी समाजवादी पार्टी की नीतियों से प्रभावित होकर जल्द ही सपा का दामन थामेंगे।
उन्होंने कहा कि ओमप्रकाश राजभर लगातार सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव पर व्यक्तिगत टिप्पणियां कर रहे हैं, लेकिन जनता इसका जवाब आगामी चुनाव में देगी। उन्होंने दावा किया कि वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में राजनीतिक परिस्थितियां पूरी तरह बदलेंगी।
दिल्ली में छात्रों के प्रदर्शन के संबंध में पूछे गए सवाल पर सीमा राजभर ने कहा कि छात्र कथित पेपर लीक के मुद्दे पर केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग कर रहे थे। उनका आरोप था कि छात्रों की मांगों पर संवाद करने के बजाय उन पर पुलिस कार्रवाई की गई। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी छात्रों की समस्याओं और उनके लोकतांत्रिक अधिकारों के समर्थन में पूरी मजबूती के साथ खड़ी है।
सीमा राजभर ने कहा कि युवाओं, छात्रों और बेरोजगारों से जुड़े मुद्दों पर सरकार को संवेदनशीलता के साथ निर्णय लेना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार संवाद के बजाय दमन का रास्ता अपना रही है, जबकि लोकतंत्र में असहमति और शांतिपूर्ण विरोध का सम्मान किया जाना चाहिए।
हालांकि, सीमा राजभर के आरोपों पर ओमप्रकाश राजभर अथवा सरकार की ओर से तत्काल कोई प्रतिक्रिया प्राप्त नहीं हो सकी ।