रिपोर्टर: सुमित श्रीवास्तव,
लखनऊ से मुख्यमंत्री ने किया 1500 करोड़ की सब्सिडी का शुभारम्भ, गाजीपुर के 3.21 लाख लाभार्थियों को मिलेगा लाभ
<span;>गाजीपुर। उत्तर प्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी योजना के तहत जिले में मंगलवार को उज्ज्वला लाभार्थियों के लिए निःशुल्क सिलेंडर वितरण समारोह का आयोजन किया गया।
राईफल क्लब सभागार में आयोजित कार्यक्रम में नगर पालिका परिषद अध्यक्ष सरिता अग्रवाल ने मुख्य अतिथि के रूप में 265 उज्ज्वला लाभार्थी महिलाओं को निःशुल्क सिलेंडर वितरित किया।
इससे पहले आज ही लखनऊ के लोकभवन सभागार में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने वित्तीय वर्ष 2026-27 के प्रथम चरण के तहत प्रदेश के 1.89 करोड़ उज्ज्वला लाभार्थियों के खाते में 1500 करोड़ रुपये की सब्सिडी राशि के अंतरण का शुभारम्भ किया।
जिला पूर्ति अधिकारी अनन्त प्रताप सिंह ने बताया कि उत्तर प्रदेश सरकार प्रत्येक वर्ष दीपावली और होली के त्योहार पर उज्ज्वला लाभार्थियों को 2 बार निःशुल्क सिलेंडर रिफिल देती है। इस वर्ष प्रथम चरण अक्टूबर से दिसम्बर 2026 और द्वितीय चरण जनवरी से मार्च 2027 तक चलेगा।
उन्होंने बताया कि लाभार्थी को पहले अपनी जेब से पूरा भुगतान कर सिलेंडर लेना होगा। रिफिल लेने के 4 से 5 दिन के अंदर सब्सिडी की राशि उसके आधार लिंक्ड बैंक खाते में आ जाएगी।
जनपद में कुल 66 गैस एजेंसियां कार्यरत हैं। जिले में उज्ज्वला योजना के कुल 3,21,168 सक्रिय लाभार्थी हैं, जिनमें से 2,97,967 ने बैंक खाते को आधार से लिंक करा लिया है और 2,81,121 ने ई-केवाईसी करा ली है।
जिला पूर्ति अधिकारी ने शेष लाभार्थियों से अपील की है कि जिनका आधार प्रमाणीकरण और ई-केवाईसी नहीं हुआ है, वे शीघ्र अपनी गैस एजेंसी पर जाकर इसे पूरा करा लें। ऑयल कंपनियों द्वारा ऐसे लाभार्थियों को मोबाइल पर SMS भेजा जा रहा है।
इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी (वि0/रा0) वेद सिंह चौहान, जिला पूर्ति अधिकारी अनन्त प्रताप सिंह सहित समस्त क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी, पूर्ति निरीक्षक और गैस एजेंसी संचालक मौजूद रहे।