रिपोर्टर: सुमित श्रीवास्तव,
गाजीपुर। जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला ने कहा कि जनपद में डीएपी और यूरिया की कोई कमी नहीं है। वर्तमान में लगभग 34,000 मीट्रिक टन यूरिया और 7,400 मीट्रिक टन डीएपी उपलब्ध है।
उन्होंने बताया कि 4-5 दिन पहले सैदपुर क्षेत्र में कुछ सरकारी दुकानों पर अनुपलब्धता की बात सामने आई थी, जिस पर प्रशासन ने तत्काल कार्रवाई करते हुए 600 मीट्रिक टन स्टॉक प्राइवेट से सरकारी की तरफ डायवर्ट कराया। आज भी लगभग 350 मीट्रिक टन खाद प्राप्त हुई है, आधी रैक मिली है और अगले 3 से 4 दिन में डीएपी की एक रैक और प्राप्त हो जाएगी।
जिलाधिकारी ने कहा कि सरकारी रेट यूरिया 266 रुपये और डीएपी 1,350 रुपये है। इससे ज्यादा लेने पर कार्रवाई होगी।
उन्होंने साफ कहा कि ओवरचार्जिंग करने वाले सचिव के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया जाएगा। सोसायटी बंद रखने वाले सचिव की सूचना किसान प्रशासन को दें, उस पर भी कार्रवाई होगी। इससे पूर्व धरना-प्रदर्शन करने वाले एक सचिव पर मुकदमा दर्ज हो चुका है।
खाद वितरण को सुचारू कराने के लिए लेखपालों की ड्यूटी लगाई गई है। राजस्व विभाग व अन्य विभाग पुलिस के सहयोग से वितरण कराएंगे।