रिपोर्टर: सुमित श्रीवास्तव,
गाजीपुर। आगामी छठ महापर्व को सकुशल, शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है। शुक्रवार को जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला एवं पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह ने तहसील सेवराई के ग्राम नरवॉ घाट एवं ब्लाक रेवतीपुर के पोखरे सहित अन्य छठ घाटों का स्थलीय निरीक्षण कर तैयारियों एवं व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने घाटों पर साफ-सफाई, सुरक्षा व्यवस्था एवं श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए की जा रही तैयारियों का अवलोकन किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि छठ पर्व से पूर्व सभी घाटों पर साफ-सफाई, बैरिकेडिंग, गोताखोर एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं अनिवार्य रूप से पूर्ण करा ली जाएं, ताकि व्रती महिलाओं एवं श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
जिलाधिकारी ने कहा कि सभी घाटों पर प्रकाश की पूर्ण व्यवस्था, आने-जाने वाले रास्तों पर बैरिकेडिंग, पर्याप्त मात्रा में नावों की उपलब्धता तथा प्रशिक्षित गोताखोरों की तैनाती समय से सुनिश्चित की जाए। गोताखोर निर्धारित ड्रेस में मुस्तैद रहें, जिससे किसी भी आपातकालीन परिस्थिति में तत्काल राहत एवं बचाव कार्य किया जा सके।
महिलाओं की सुविधा एवं निजता को ध्यान में रखते हुए प्रत्येक घाट पर चेंजिंग रूम की व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा घाटों की नियमित साफ-सफाई के लिए पर्याप्त संख्या में सफाई कर्मचारियों की ड्यूटी लगाने के भी निर्देश दिए गए। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि छठ महापर्व के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय स्थापित करते हुए समय से सभी तैयारियां पूर्ण करें। उन्होंने चेतावनी दी कि व्यवस्थाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही अथवा शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान उप जिलाधिकारी सेवराई सहित संबंधित विभागों के अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।
