गाजीपुर में UPSSSC PET परीक्षा सख्त पहरे में, DM और SP ने दो परीक्षा केंद्रों का किया औचक निरीक्षण

(*रिपोर्टर- सुमित श्रीवास्तव*)
सनबीम और एवरग्रीन स्कूल में चेक की गई CCTV, फ्रिस्किंग और सुरक्षा व्यवस्था, अधिकारियों ने दिए शांतिपूर्ण परीक्षा कराने के सख्त निर्देश
गाजीपुर। उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UPSSSC) द्वारा आयोजित प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (PET) को निष्पक्ष और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए आज जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट रहा। जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला और पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह ने संयुक्त रूप से जनपद के परीक्षा केंद्रों का औचक निरीक्षण किया।

महाराजगंज स्थित सनबीम स्कूल और एवरग्रीन स्कूल परीक्षा केंद्रों का सघन निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने परीक्षा कक्षों की व्यवस्था, CCTV कैमरों की क्रियाशीलता, अभ्यर्थियों की प्रवेश के समय हो रही फ्रिस्किंग प्रक्रिया और केंद्रों पर पेयजल, शौचालय जैसी बुनियादी सुविधाओं का बारीकी से जायजा लिया।

जिलाधिकारी ने सुरक्षा को लेकर सभी संबंधितों को निर्देश देते हुए कहा कि परीक्षा केंद्र के अंदर और बाहर पुख्ता पुलिस बल तैनात रहेगा, किसी भी अनधिकृत व्यक्ति के प्रवेश पर पूर्ण पाबंदी रहेगी। परीक्षा की शुचिता बनाए रखने के लिए CCTV और कंट्रोल रूम से लगातार निगरानी की जाएगी। सभी ड्यूटी में लगे अधिकारी-कर्मचारी मुस्तैदी से ड्यूटी करें और अभ्यर्थियों को अनुशासित और शांतिपूर्ण माहौल उपलब्ध कराएं।
निरीक्षण के दौरान संबंधित सेक्टर मजिस्ट्रेट, पुलिस अधिकारी और दोनों परीक्षा केंद्रों के प्रधानाचार्य व केंद्र व्यवस्थापक मौजूद रहे।
