गाजीपुर ।
थाना गहमर पुलिस ने कथित रूप से फर्जी दुष्कर्म के मुकदमे में फंसाने की धमकी देकर लाखों रुपये की उगाही करने के आरोप में मां-बेटी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पुलिस ने दोनों के विरुद्ध थाना गहमर में मुकदमा संख्या 131/2026, धारा 308(6), 316(2), 352 एवं 61(2) भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) के तहत कार्रवाई की है।
पुलिस के अनुसार, अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत शनिवार, 19 जुलाई 2026 को उपनिरीक्षक शिव प्रसाद पाण्डेय ने पुलिस टीम के साथ ग्राम करवनिया डेरा, सेवराई में दबिश देकर अभियुक्ता श्यामा पाण्डेय (45 वर्ष), पत्नी गुलाब पाण्डेय तथा उनकी पुत्री ज्योति पाण्डेय (22 वर्ष) को उनके घर से गिरफ्तार किया है । दोनों के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई करते हुए न्यायालय में प्रस्तुत कर जेल भेज दिया गया।
गिरफ्तार अभियुक्ताओं की पहचान श्यामा पाण्डेय पत्नी गुलाब पाण्डेय तथा ज्योति पाण्डेय पुत्री गुलाब पाण्डेय, निवासी ग्राम करवनिया डेरा सेवराई, थाना गहमर, जनपद गाजीपुर के रूप में हुई है।
थानाध्यक्ष नंदकुमार तिवारी ने बताया कि सेवराई निवासी मोहम्मद इसरार पुत्र अब्दुल अब्बासी, जो पूर्व में ग्राम प्रधान पद का चुनाव भी लड़ चुके हैं, ने शिकायत दर्ज कराई थी कि श्यामा पाण्डेय और उनकी पुत्री ने समय-समय पर उनसे आर्थिक सहायता के नाम पर लाखों रुपये लिए। शिकायत के अनुसार, जब उन्होंने अपना पैसा वापस मांगा तो दोनों ने कथित रूप से फर्जी दुष्कर्म के मुकदमे में फंसाने की धमकी देकर ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया।
थानाध्यक्ष के अनुसार, मोहम्मद इसरार ने पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों के समक्ष अपनी बात एवं उपलब्ध साक्ष्य प्रस्तुत किए। जांच के बाद उच्चाधिकारियों के निर्देश पर मुकदमा दर्ज किया गया तथा दोनों आरोपित महिलाओं को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया।
गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक शिव प्रसाद पाण्डेय (चौकी प्रभारी, सेवराई), महिला कांस्टेबल अंजू देवी एवं महिला कांस्टेबल सोनम पाण्डेय शामिल रहीं ।