गाजीपुर ।
उत्तर प्रदेश सरकार के वन ट्रिलियन डॉलर इकोनॉमी के महत्वाकांक्षी लक्ष्य में जनपद गाजीपुर की प्रभावी भागीदारी सुनिश्चित करने के उद्देश्य से गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला की अध्यक्षता में जनपद स्तरीय समिति की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों की प्रगति की समीक्षा करते हुए आर्थिक विकास को गति देने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

इस अवसर पर जिलाधिकारी ने कहा कि प्रदेश को एक ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनाने के लक्ष्य की प्राप्ति में प्रत्येक विभाग की महत्वपूर्ण भूमिका है। सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए शासन की योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि उद्योग, व्यापार, कृषि, उद्यान, सेवा क्षेत्र तथा अन्य आर्थिक गतिविधियों को प्रोत्साहित कर जनपद की अर्थव्यवस्था को नई दिशा दी जा सकती है। इसके लिए नवाचार को बढ़ावा देने के साथ निवेश, उत्पादन और रोजगार सृजन पर विशेष फोकस किया जाए।
डीएम ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि केंद्र एवं प्रदेश सरकार की सभी लाभार्थीपरक योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक समयबद्ध, पारदर्शी और प्रभावी ढंग से पहुंचाया जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी भी स्तर पर लापरवाही या अनावश्यक विलंब स्वीकार नहीं किया जाएगा।

इस बैठक के दौरान जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी चंद्रशेखर प्रसाद ने विस्तृत प्रस्तुतीकरण के माध्यम से जनपद के प्राथमिक, द्वितीयक एवं तृतीयक क्षेत्रों की वर्तमान स्थिति, उपलब्धियों और संभावनाओं की जानकारी दी। समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने कृषि, उद्यान, राज्यकर एवं संबंधित विभागों को उत्पादन बढ़ाने, आंकड़ों का शत-प्रतिशत सत्यापन करने तथा समयबद्ध एवं शुद्ध डाटा फीडिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इस बैठक में उप कृषि निदेशक सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे ।