गाजीपुर ।
सावन माह में शुरू होने वाली कांवड़ यात्रा को लेकर जिला प्रशासन सतर्क हो गया है। शनिवार को जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक गाजीपुर ने ददरी घाट से महाहर धाम तक कांवड़ यात्रा मार्ग का स्थलीय निरीक्षण किया ।
इस निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला व पुलिस अधीक्षक डॉ. ईराज रजा ने ददरी घाट पर सुरक्षा व्यवस्था, बैरिकेडिंग, यातायात प्रबंधन, प्रकाश व्यवस्था, साफ-सफाई, पेयजल और चिकित्सा सुविधा की तैयारियों का जायजा लिया साथ ही उन्होंने संबंधित को निर्देश दिया कि कांवड़ मार्ग पर गड्ढों को तत्काल भरकर मार्ग को दुरुस्त किया जाए , ददरीघाट पर पर्याप्त प्रकाश , बैरिकेडिंग और गोताखोरों की तैनाती सुनिश्चित की जाए । जगह-जगह पेयजल, शौचालय और मेडिकल कैंप की व्यवस्था की जाए। यातायात रूट का पहले से निर्धारण कर डायवर्जन प्लान तैयार किया जाए ।

इस मौके पर जिलाधिकारी ने कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता है। सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें और पूरे सावन माह सतर्कता व निगरानी बनाए रखें, ताकि कांवड़ यात्रा शांतिपूर्ण और सकुशल संपन्न हो सके ।
इस निरीक्षण के दौरान नगर पालिका ईओ, सीओ सिटी सहित पीडब्लूडी, विद्युत, स्वास्थ्य और नगर पालिका के अन्य अधिकारी मौके पर मौजूद रहे ।